Bihar News : शेखपुरा पुलिस ने अंतरजिला महिला चेन स्नेचिंग गिरोह का किया पर्दाफाश, दो महिलाओं को किया गिरफ्तार
Bihar News : शेखपुरा के बरबीघा नगर क्षेत्र में आम लोगों की मुस्तैदी से चेन स्नेचिंग गिरोह की दो शातिर महिला सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद एक बड़े अंतरजिला अपराध का पर्दाफाश हुआ है....पढ़िए आगे
SHEKHPURA : जिले के बरबीघा नगर क्षेत्र में रविवार की संध्या चेन स्नेचिंग गिरोह के दो महिला सदस्यों के पकड़े जाने के बाद बड़ा खुलासा हुआ है. जानकारी के अनुसार गिरोह में लगभग आधा दर्जन महिलाएं काम करती है.ये शातिर महिलाएं नालंदा, नवादा, शेखपुरा, जमुई, पटना आदि जिलों में चेन स्नेचिंग की घटना को अंजाम देते हैं. ये सभी नालंदा जिला के चंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत मौसिमपुर गांव की रहने वाली बताई गई है. बरबीघा में चेन स्नेचर गिरोह के दो महिला सदस्यों के पकड़े जाने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिकायतों की झड़ी लग गई है. सोमवार को अलग-अलग जिले से लोग शिकायत लेकर बरबीघा के मिशन थाना पहुंचे. पकड़ी गई दोनों महिलाएं चोरी के मामले में पूर्व में भी जेल जा चुकी है.
महिलाओं से चेन स्नैचिंग
ग़ौरतलब हो कि रविवार को मिशन चौक निवासी राकेश कुमार की पत्नी सोनी देवी ने सबसे पहले दोनों महिलाओं को पकड़ा था म.दोनों सोनी देवी के गले से चैन काटने का प्रयास करते हुए पकड़े गए. घटना का वीडियो वायरल हुआ तो चार अन्य शिकायतें भी सामने आई. इसमें से शेखपुरा जिला के ही मिर्जापुर गांव की रहने वाली रौशन कुमार की पत्नी सुष्मिता कुमारी ने बताया कि बीते 18 जुलाई को बरबीघा थाना चौक पर इसी ग्रुप के द्वारा उनका 10 ग्राम का सोने का मंगलसूत्र गले से निकाल लिया गया. इसी तरह वीडियो देखकर पटना से लेकर बेलछी थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलछी गांव की रानी कुमारी ने बताया कि उनके गले से भी 16 ग्राम सोने का चैन महिला सदस्यों के द्वारा उड़ा लिया गया था. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हुआ. लेकिन महिलाएं पकड़ी नहीं गई थी. घटना को हरनौत में अंजाम दिया गया था. इसी तरह नालंदा जिला के चेरो गांव निवासी सोनाली कुमारी ने बताया कि बीते 1 मई बरबीघा थाना चौक पर उनके गले से भी 20 ग्राम का सोने का चैन इन्हीं महिला गिरोह के द्वारा उड़ा लिया गया था.
घटना का पैटर्न एक जैसा
पीड़ित महिलाओं के अनुसार घटना का पैटर्न बिल्कुल एक जैसा प्रतीत होता है. दरअसल गिरोह की सभी महिलाएं गले में सोने का चेन पहनने वाली किसी महिला की तलाश करती थी. फिर उनका पीछा करके ई-रिक्शा या टेंपो पर एक साथ बैठ जाती थी. इसी दौरान सामान गिराने या पैर पर पैर चढ़ाने का विवाद करते हुए अपने शिकार को उलझा कर उनके गले से सोने का चैन उड़ा दिया देती थी.
पकड़ी गई महिलाओं पर पहले से दर्ज है प्राथमिकी
रविवार को आम पब्लिक द्वारा जिन दो महिलाओं को पकड़ा गया. उसकी पहचान नालंदा जिला के चंडी थाना क्षेत्र के मौसिमपुर गांव निवासी गोरे केवट की पत्नी अंजू देवी उर्फ अंजली देवी जबकि इसी गांव के गरीबन केवट की पत्नी कविता देवी के रूप में किया गया है. अंजू देवी के ऊपर बिहारशरीफ थाना में कांड संख्या 539/21 दर्ज है.चोरी के के मामले में वह जेल जा चुकी है. इसी तरह कविता देवी के ऊपर भी वारसलीगंज थाना में कल संख्या 291/26 दर्ज है.एक महीने तक जेल में रहने के बाद कविता देवी हाल ही में छूट कर बाहर आई है.
दोनों को भेजा गया जेल
उधर मामले को लेकर मिशन थाना अध्यक्ष आदित्य रंजन ने बताया कि सोनी देवी के लिखित आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया गया है.वही मामले में अन्य पीड़िताओं को सोनी देवी की प्राथमिकी में ही गवाह के तौर पर शामिल कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा की जरूरत पड़ी तो वे पकड़ी गई महिलाओं के संपत्ति जांच के लिए विभाग को पत्र भी लिखेंगे.
उमेश की रिपोर्ट