Bihar News : शेखपुरा में अंतर जिला लुटेरा गिरोह के तीन सदस्यों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, हथियार और जिन्दा कारतूस किया बरामद

Bihar News : शेखपुरा पुलिस ने अंतरजिला लुटेरा गिरोह के तीन शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपी किसी चौथी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने धर दबोचा.....

Bihar News : शेखपुरा में अंतर जिला लुटेरा गिरोह के तीन सदस्य
तीन बदमाश गिरफ्तार - फोटो : UMESH

SHEKHPURA : जिले में लगातार तीन दिनों के भीतर हुई तीन लूट की घटनाओं का शेखपुरा पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए अंतरजिला लुटेरा गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को चौथी वारदात को अंजाम देने से पहले ही शेखपुरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 के पश्चिमी छोर से दबोच लिया। गिरफ्तार बदमाशों के पास से घटना में प्रयुक्त बुलेट बाइक, देसी कट्टा, जिंदा कारतूस, चाकू, नकदी, मोबाइल फोन और लूटा गया सामान बरामद किया गया है।

एएसपी ने दी जानकारी

मंगलवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में एएसपी डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि अरियरी एवं सिरारी थाना क्षेत्रों में लगातार हुई तीन लूट की घटनाओं के बाद विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम में यातायात डीएसपी, अरियरी व सिरारी थानाध्यक्ष तथा डीआईयू की टीम को शामिल किया गया। तकनीकी अनुसंधान और मोबाइल लोकेशन के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवादा जिले के पकरीबरावां थाना क्षेत्र के डोला गांव निवासी महेश सिंह के पुत्र राहुल कुमार, राजकुमार सिंह के पुत्र शिवम कुमार तथा भागलपुर जिले के सबौर थाना क्षेत्र के लेलिक नगर निवासी सनी कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे शेखपुरा शहर में किराये का कमरा लेकर रह रहे थे। वहीं से लूट की घटनाओं की योजना बनाकर सुनसान सड़कों पर राहगीरों को ओवरटेक कर हथियार के बल पर वारदात को अंजाम देते थे।

मोबाइल लॉक बना पुलिस के लिए अहम सुराग

एसपी ने बताया कि बदमाश काले रंग की बुलेट बाइक का इस्तेमाल कर अरियरी थाना क्षेत्र के मानकोल और ककरार गांव के समीप दो तथा सिरारी थाना क्षेत्र के कैथमा गांव के पास निजी जांच घर संचालक पीयूष कुमार से हथियार के बल पर नकदी, मोबाइल और अन्य सामान लूटकर फरार हो गए थे। हालांकि लूटा गया मोबाइल लॉक होने के कारण अपराधी उसे बंद नहीं कर सके। उसी मोबाइल की लोकेशन के आधार पर पुलिस अपराधियों तक पहुंचने में सफल रही।

हथियार, नकदी और लूटा गया सामान बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बुलेट बाइक, एक देसी कट्टा, .315 बोर के दो जिंदा कारतूस, एक बड़ा व एक छोटा चाकू, कई मोबाइल फोन, लूटा गया सामान तथा 9,500 रुपये नकद बरामद किए। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास का भी सत्यापन कर रही है। एसपी ने लोगों से अपील की कि बिना पुलिस सत्यापन के किसी भी व्यक्ति को किराये पर कमरा नहीं दें। मकान मालिक किरायेदार का आधार कार्ड, पहचान पत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज सुरक्षित रखें। उन्होंने कहा कि किसी अपराध में किरायेदार की संलिप्तता मिलने पर लापरवाही बरतने वाले मकान मालिकों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जा सकती है।

नाबालिगों की बढ़ती संलिप्तता पर चिंता

प्रेसवार्ता के दौरान एसपी ने हाल के दिनों में हत्या, मारपीट और अन्य आपराधिक घटनाओं में नाबालिगों की बढ़ती संलिप्तता पर चिंता जताई। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने तथा उन्हें सही मार्गदर्शन देने की अपील करते हुए कहा कि अपराध की राह पर जाने से रोकने में परिवार की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।

उमेश की रिपोर्ट