Bihar News : शेखपुरा में इलाज के नाम पर डॉक्टर ने नाबालिग से 6 महीने तक किया दुष्कर्म, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
Bihar News : शेखपुरा में एक झोलाछाप चिकित्सक ने 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा को झांसे में लेकर करीब छह महीने तक दुष्कर्म किया. जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है....पढ़िए आगे
SHEKHPURA : जिले के चेवाड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव में इलाज के नाम पर नाबालिग छात्रा के साथ करीब छह महीने तक दुष्कर्म किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव में ग्रामीण चिकित्सक के रूप में काम करने वाले एक व्यक्ति ने छात्रा को इलाज के बहाने अपने क्लीनिक पर बुलाया और कथित तौर पर उसे बेहोश कर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी ने घटना का वीडियो और फोटो बना लिया तथा उसे सार्वजनिक करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल करता रहा। मामले की जानकारी मिलने के बाद शनिवार को पीड़िता और उसके परिजनों ने पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज होने के करीब दो घंटे के भीतर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी गांव से फरार होने की तैयारी में था, इसी दौरान उसे दबोच लिया गया।
एएसपी डॉ. राकेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपी ने इलाज के बहाने नाबालिग छात्रा को अपने प्रभाव में लिया और बाद में आपत्तिजनक वीडियो व फोटो के आधार पर उसे लगातार धमकाता रहा। डर और सामाजिक बदनामी की आशंका के कारण छात्रा काफी समय तक इस घटना को अपने परिजनों से नहीं बता सकी। आरोपी जब भी उसे क्लीनिक पर बुलाता, वह डर के कारण वहां चली जाती थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने छात्रा को भविष्य में शादी नहीं होने देने की धमकी भी दी।
लगातार मानसिक दबाव और शोषण से परेशान होकर अंततः छात्रा ने पूरी घटना अपने परिजनों को बताई। इसके बाद परिजन तत्काल पुलिस के पास पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई। प्राथमिकी दर्ज होते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुलदीप राम के पुत्र विनोद कुमार के रूप में हुई है। प्राथमिकी में उसकी पत्नी को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन से छात्रा से संबंधित आपत्तिजनक वीडियो और फोटो बरामद किए हैं। पुलिस इन डिजिटल साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बनाते हुए मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। एएसपी ने कहा कि आरोपी के खिलाफ कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। मामले में जल्द से जल्द न्याय दिलाने के लिए पुलिस आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से कार्रवाई कराने का प्रयास करेगी।
घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने कहीं अन्य नाबालिगों को भी अपने जाल में तो नहीं फंसाया था। पुलिस आरोपी के संपर्क, मोबाइल और अन्य गतिविधियों की भी जांच कर रही है। एएसपी ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों से बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने और उनके साथ लगातार संवाद बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बच्चों को ऐसे मामलों के प्रति जागरूक करना बेहद जरूरी है, ताकि किसी भी तरह के दबाव, धमकी या शोषण की स्थिति में वे तत्काल अपने परिजनों या पुलिस को जानकारी दे सकें।
उमेश की रिपोर्ट