Bihar News : समस्तीपुर में बाइक को टक्कर मार गड्ढे में गिरी शराब लदी कार, बोतलें लूटने उमड़े बच्चे, बूढ़े और जवान

Bihar News : समस्तीपुर में कार असंतुलित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी। जिसके बाद ग्रामीण और राहगीर मौके की ओर दौड़े और शराब लूटकर भागने लगे......पढ़िए आगे

Bihar News : समस्तीपुर में बाइक को टक्कर मार गड्ढे में गिरी
शराब की लूट - फोटो : SANJIV

SAMASTIPUR : जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत बसरिया गांव के पास नेशनल हाईवे (NH-28) पर एक अनियंत्रित कार ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हादसे के बाद कार असंतुलित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी। दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके की ओर दौड़े, लेकिन वहां का नजारा देखते ही स्थिति पूरी तरह बदल गई।

कार के गड्ढे में गिरते ही उसमें भारी मात्रा में शराब लदे होने की खबर जंगल की आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई। फिर क्या था, हादसे की जगह पर राहत और बचाव कार्य की बजाय शराब की बोतलें लूटने का सिलसिला शुरू हो गया। क्या बच्चे, क्या बूढ़े और क्या जवान—हर कोई गड्ढे में उतरी कार से शराब की बोतलें निकालने और अपने साथ ले जाने की होड़ में शामिल दिखा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार में शराब तस्कर बड़ी खेप लेकर जा रहे थे। हादसे के वक्त कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया और बाइक सवार को कुचलते हुए वाहन नीचे गड्ढे में चला गया। दुर्घटना के बाद मौका पाकर कार में सवार शराब तस्कर वाहन छोड़कर फरार हो गए, जिसके बाद ग्रामीणों ने कार का दरवाजा और डिक्की खोलकर शराब की बोतलें लूटनी शुरू कर दीं।

स्थानीय लोगों के इस रवैये के कारण घायल बाइक सवार काफी देर तक उपेक्षित पड़ा रहा। कुछ संवेदनशील लोगों की मदद से घायल को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, घटना की सूचना मिलने के काफी देर बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची, तब जाकर भीड़ को हटाया गया और स्थिति पर काबू पाया जा सका।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शराब की यह खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लोग राहत पहुंचाने की जगह शराब की बोतलें लूटते नजर आ रहे हैं।

संजीव तरुण की रिपोर्ट