Bihar News : रील बनाने के चक्कर में ट्रेन से गंगा में गिरी छात्रा, नाविकों और एफ्कोन्स के कर्मियों ने बचाई जान
MOKAMA : पटना से परीक्षा देकर घर लौट रही एक छात्रा के लिए गंगा नदी पर रील बनाना जिंदगी की सबसे बड़ी भूल साबित हुई। मोकामा के हाथीदह स्थित राजेंद्र सेतु (राजेंद्र पुल) से गुजरते समय बेगूसराय की रहने वाली साक्षी कुमारी अचानक असंतुलित होकर उफनती गंगा में जा गिरी। इस भयानक हादसे में छात्रा को गंभीर चोटें आई हैं, लेकिन वहां मौजूद देवदूतों की सतर्कता से उसकी जान बाल-बाल बच गई।
हादसे के वक्त मौके पर मछली पकड़ रहे स्थानीय नाविक और पास ही डबल ट्रैक रेल ब्रिज का निर्माण कर रही एफ्कोन्स (Afcons) कंपनी के कर्मचारी मुस्तैद थे। जैसे ही लड़की नदी में गिरी, नाविकों ने बिना वक्त गंवाए उसे बचाने के लिए छलांग लगा दी। कंपनी के कर्मचारियों और नाविकों के संयुक्त प्रयास से कड़ी मशक्कत के बाद उसे पानी से बाहर निकाला गया। इसके बाद कंपनी की ही एंबुलेंस से उसे तुरंत स्थानीय महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया गया, जहाँ फिलहाल उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जख्मी छात्रा की पहचान बेगूसराय जिले के लोहिया नगर थाना क्षेत्र स्थित बाघी निवासी साक्षी कुमारी के रूप में हुई है। साक्षी के पिता और भाई ने बताया कि वह पटना से परीक्षा देकर अपने भाई के साथ ट्रेन से वापस घर लौट रही थी। ट्रेन जैसे ही राजेंद्र सेतु पर पहुंची, वह गेट के पास चली गई और इसी दौरान यह हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऊंचाई से गिरने के कारण उसे काफी अंदरूनी और बाहरी चोटें आई हैं।
हाथीदह थाना अध्यक्ष रंजन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि परिजनों और शुरुआती पूछताछ में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि छात्रा मोबाइल पर 'रील' बनाने के चक्कर में ट्रेन के गेट पर आई थी। रील बनाने के दौरान संतुलन बिगड़ने से वह सीधे गंगा नदी में जा गिरी। पुलिस ने बताया कि गिरने के वेग और पानी के दबाव के कारण वह फिलहाल सदमे में है और ठीक से बोलने की स्थिति में नहीं है।
इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया के लिए जान जोखिम में डालने वाले युवाओं को बड़ी चेतावनी दी है। स्थानीय लोगों ने नाविकों और एफ्कोन्स कंपनी के कर्मियों की बहादुरी की जमकर तारीफ की है, क्योंकि यदि कुछ मिनटों की भी देरी होती तो परिणाम घातक हो सकते थे। पुलिस अब इस मामले में परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।
विकास की रिपोर्ट