Bihar News : मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर पटना पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, एनडीए नेताओं के साथ की बैठक, पंचरूपी हनुमान मंदिर में की पूजा-अर्चना

Bihar News : गुरुवार को सम्राट सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार होगा. जिसको लेकर गृह मंत्री अमित शाह पटना आ गए हैं. उन्होंने मंत्रिमंडल को लेकर एनडीए नेताओं के साथ बैठक की.......पढ़िए आगे

Bihar News : मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर पटना पहुंचे केंद्रीय
पटना पहुंचे अमित शाह - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बुधवार की शाम पटना पहुंचे, जहाँ उन्होंने आगामी राजनीतिक गतिविधियों और मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर मोर्चा संभाल लिया है। पटना पहुंचने के बाद उन्होंने सबसे पहले होटल मौर्य में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ मुलाकात की। इसके उपरांत, वे राजधानी के राजवंशी नगर स्थित प्रसिद्ध पंचरूपी हनुमान मंदिर पहुंचे, जहाँ उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

हनुमान जी की आरती और बिहार की तरक्की की कामना

पंचरूपी हनुमान मंदिर में गृह मंत्री अमित शाह के साथ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी मौजूद रहे। तीनों नेताओं ने हनुमान जी की भव्य आरती की और भगवान से देश के साथ-साथ बिहार की निरंतर तरक्की और खुशहाली का वरदान मांगा। इस दौरान मंदिर परिसर में काफी संख्या में लोग मौजूद थे।

गुरुवार को गांधी मैदान में होगा भव्य शपथ ग्रहण समारोह

बताते चलें कि अमित शाह और नितिन नवीन का यह दौरा विशेष रूप से गुरुवार को पटना के गांधी मैदान में आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मंत्रिपरिषद के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए हुआ है। इस ऐतिहासिक समारोह को लेकर पटना में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और राजनीतिक गलियारों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।

भव्य स्वागत और गणमान्य लोगों की उपस्थिति

पंचरूपी हनुमान मंदिर आगमन पर गृह मंत्री का स्वागत बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद के अध्यक्ष व पूर्व विधान पार्षद प्रो. रणवीर नंदन ने किया। इस अवसर पर मंदिर न्यास समिति के सदस्य सह मीडिया समन्वयक आलोक कुमार, प्रेम कुमार, 'गोल्ड मैन' प्रेम सिंह, पुजारी शिवकांत झा, संतोष तिवारी, बिरजू मिश्रा सहित मंदिर के कर्मी और कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

मंत्रिमंडल विस्तार पर देर रात तक मंथन

मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर एनडीए के प्रमुख नेताओं के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक देर रात तक चलती रही। इस बैठक में एनडीए के सभी घटक दलों के बड़े नेता शामिल हुए। जिसमें रालोमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा, लोजपा(रा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान मौजूद रहे। बैठक में मंत्रियों के नामों और विभागों के बंटवारे को लेकर गहन चर्चा की गई, ताकि गुरुवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह से पहले सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा सके।

वंदना की रिपोर्ट