पटना-बख्तियारपुर स्टेट हाईवे पर दर्दनाक हादसा, स्कूल बस की टक्कर से एक भाई की मौत, दूसरा गंभीर

पटना-बख्तियारपुर स्टेट हाईवे पर शनिवार को हुए एक भीषण हादसे में एक की मौत हो गई जबकि दूसरा भाइ घायल है.

Tragic accident on Patna-Bakhtiyarpur State Highway
Tragic accident on Patna-Bakhtiyarpur State Highway - फोटो : news4nation

Patna-Bakhtiyarpur State Highway : पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र में पटना-बख्तियारपुर स्टेट हाईवे पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। विक्रमपुर स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल के सामने स्कूल बस और मोटरसाइकिल की आमने-सामने हुई टक्कर में बाइक सवार दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है। मृतक की पहचान 22 वर्षीय राजीव कुमार के रूप में हुई है, जबकि घायल 24 वर्षीय राजेश कुमार का अस्पताल में इलाज चल रहा है। दोनों अथमलगोला थाना क्षेत्र के कल्याणपुर मोड़ निवासी और हीरा साव के पुत्र बताए गए हैं।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों भाई सड़क पर जा गिरे। स्थानीय लोगों ने तत्काल दोनों को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन राजीव कुमार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल राजेश कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।


हादसे की सूचना मिलते ही फतुहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और दुर्घटनाग्रस्त स्कूल बस को जब्त कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।


इस हादसे ने एक परिवार की खुशियां पलभर में छीन लीं। एक बेटे की मौत और दूसरे की गंभीर हालत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

रजनीश की रिपोर्ट