नागालैंड के राज्यपाल ने पटना सिटी के शक्तिपीठों और तख्त श्री हरिमंदिर साहिब में टेका माथा, मां दुर्गा से राज्य और राष्ट्र की समृद्धि की कामना

शारदीय नवरात्र के पवित्र अवसर पर नागालैंड के राज्यपाल नंदकिशोर यादव पटना पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शीतला माता मंदिर, शक्ति पीठ बड़ी पटन देवी मंदिर मंदिर समेत कई धार्मिक स्थलों का दौरा कर पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-शांति व खुशहाली की कामना की....

नागालैंड के राज्यपाल ने पटना सिटी के शक्तिपीठों और तख्त श्री
नागालैंड के राज्यपाल ने पटना के शक्तिपीठों और तख्त श्री हरिमंदिर साहिब में टेका माथा- फोटो : रजनीश

Patna : नागालैंड के राज्यपाल नंदकिशोर यादव ने शारदीय नवरात्र के पवित्र अवसर पर पटना सिटी के ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अगमकुंआ स्थित शीतला माता मंदिर, शक्ति पीठ बड़ी पटन देवी मंदिर, छोटी पटन देवी मंदिर, जल्ला हनुमान मंदिर के अलावा मारूफ गंज, दलहट्टा और नंदगोला की बड़ी देवी जी के दर्शन किए। राज्यपाल ने विधि-विधान से माता रानी की पूजा-अर्चना कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया और प्रदेश की सुख-शांति व खुशहाली की कामना की।


तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में मत्था टेककर लिया गुरु घर का आशीर्वाद 

मंदिरों में दर्शन-पूजन के पश्चात महामहिम राज्यपाल सिखों के दसवें गुरु, श्री गुरु गोविंद सिंह जी की पावन जन्मस्थली तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब पहुंचे। वहां उन्होंने पूरी श्रद्धा के साथ मत्था टेककर गुरु घर का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान स्थानीय जत्थेदार भाई बलदेव सिंह जी ने उन्हें पारंपरिक तरीके से सिरोपा प्रदान कर सम्मानित किया।


प्रबंधक कमेटी द्वारा कृपाण, स्मृति चिन्ह और पुस्तक भेंट कर किया गया स्वागत 

तख्त श्री हरिमंदिर जी प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जगजोत सिंह सोही और उपाध्यक्ष गुरविंदर सिंह ने महामहिम राज्यपाल नंदकिशोर यादव को कृपाण, स्मृति चिन्ह तथा गुरु जी के बाल चरित्र से जुड़ी पुस्तक भेंट कर उनका भव्य स्वागत और सम्मान किया। इस आध्यात्मिक यात्रा के दौरान गुरुद्वारा प्रबंधन से जुड़े पदाधिकारी और स्थानीय लोग भी पूरी तन्मयता से मौजूद रहे।


मीडियाकर्मियों से बातचीत में बोले राज्यपाल— 'माँ दुर्गा सभी को दें वित्त, समृद्धि और उन्नति' 

इस दौरान उपस्थित मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए महामहिम राज्यपाल ने कहा कि नवरात्रि के इस पावन पर्व पर माँ दुर्गा सभी लोगों को वित्त, समृद्धि और उन्नति प्रदान करें। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता की समृद्धि और सहयोग से हमारा राज्य और संपूर्ण राष्ट्र निरंतर प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़कर एक विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित होगा।


भाजपा नेता और प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद 

इस उच्चस्तरीय और आध्यात्मिक दौरे के दौरान कई गणमान्य लोग और अधिकारी उनके साथ साया बनकर मौजूद रहे। इस अवसर पर प्रमुख रूप से प्रदेश भाजपा के मंत्री प्रभाकर मिश्रा, पटना महानगर के मीडिया प्रभारी प्रदीप काश, त्रिलोक सिंह, विनय कुमार, शानू बाबा, दयानंद यादव, अधीक्षक दलजीत सिंह और मैनेजर हरजीत सिंह समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


रजनीश की रिपोर्ट