Bihar News : पटना में बांकीपुर बस स्टैंड की भूमि पर बनेगा 5 स्टार लग्जरी ताज होटल, पर्यटन मंत्री की मौजूदगी में हुआ समझौता
PATNA : राज्य में पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए पर्यटन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद की उपस्थिति में आज पर्यटन विभाग/बिहार स्टेट टूरिज्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BSTDCL) ने सारगा होटल प्रा. लि. के साथ बांकीपुर बस स्टैंड की भूमि पर 5-सितारा लग्जरी ताज होटल के संचालन के लिए समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किया गया। यह समझौता सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के तहत हुआ है। समझौते के मुताबिक द इंडियन होटल समूह द्वारा इस फाइव स्टार ताज होटल का निर्माण किया जाएगा। इस अवसर पर मंत्री ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि राज्य के लोगों की बड़ी अपेक्षा है कि पर्यटकों और व्यवसायियों को यहां बेहतर आवासन में किसी परेशानी का सामना नही करना पड़े। पटना जैसे शहर में फाइव स्टार होटल की बहुत आवश्यकता है, इसे ध्यान में रखते हुए सरकार राजधानी में तीन पांच फाइव स्टार होटल का निर्माण करवाने जा रही है। पटना में पूर्व से एक फाइव स्टार होटल का निर्माण शुरू हो चुका है, दूसरे के लिए आज समझौता पत्र पर हस्ताक्षर हुए हैं आज औपचारिकताएं पूरी हो गयी है, अब तय समय सीमा के अंदर यहां ताज होटल का निर्माण पूरा किया जाए और तीसरे फाइव स्टार होटल के लिए भी प्रक्रिया चल रही है। राज्य में पर्यटन स्थलों के पास काफी सुविधाओं का निर्माण किया जा रहा है, नए सर्किट्स बनाए जा रहे हैं। जिस प्रकार बोधगया और राजगीर में काफी पर्यटक आते हैं, वैसे ही आगामी दिनों में सीतामढ़ी में जानकी मंदिर देखने के लिए भी पर्यटक आएंगे।
बिहार स्टेट टूरिज्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक नंदकिशोर ने इस अवसर पर जानकारी देते हुए बताया कि परिवहन विभाग, बिहार द्वारा बांकीपुर बस स्टैंड के भूखंड का हस्तांतरण पर्यटन विभाग/बिहार स्टेट टूरिज्म डेवपलमेंट कॉ. लि. को किये जाने के पश्चात राजधानी पटना में पर्यटकों को आधुनिक सुविधायुक्त आवासन एवं अन्य पर्यटकीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के निमित्त उक्त भूखंड पर फाइव स्टार होटल निर्माण आधारभूत संरचना विकास सामर्थ्यकारी (इनेबलिंग) संशोधन अधिनियम 2023 में वर्णित प्रावधानों के अनुसार किये जाने हेतु राज्य सरकार द्वारा निर्णय लिया गया। तदुपरान्त तकनिकी रूप से सफल निविदादाता के रूप में सारगा होटल प्रा. लि. का चयन किया गया है, जिनके द्वारा वार्षिक लाइसेंस प्रीमियम रु 18.60 करोड़ और जीएसटी समर्पित किया गया है।
उपरोक्त भूमि पर 500 कमरों का द ताज होटल विकसित किया जायेगा। प्रस्तावित पाँच सितारा होटल में प्रथम फेज में 350 कमरे एवं द्वितीय फेज में 150 कमरों का निर्माण किया जाना है। चयनित एजेंसी के द्वारा 04 वर्षों के अंदर प्रथम फेज का निर्माण पूर्ण कर जनवरी 2030 ई. में द ताज फाइव स्टार होटल का संचालन प्रारंभ करना सुनिश्चित किया जायेगा। बांकीपुर पाँच सितारा होटल के निर्माण हेतु बहुत हीं उपयुक्त स्थल है क्योंकि एक तरफ गंगा नदी है तथा सामने गाँधी मैदान है। इसके साथ ही साथ यह होटल सम्राट अशोक कन्वेंसन सेंटर के नजदीक होने के कारण इसकी महत्ता और भी बढ़ जाती है।
द ताज होटल के सीनियर वाइस प्रसिडेंट के. मोहनचंद्रन द्वारा बताया गया कि बाँकीपुर, पटना में विकसित किया जा रहा ताज होटल पूरे भारत में संचालित हो रहे ताज होटलों में एक बेहतरीन संस्करण होगा। वहीं सागरा होटल प्रा. लि. के निदेशक नित्यानन्द सोनथालिया द्वारा बताया गया कि निर्धारित समय में पटनावासियो के लिए बेहतरीन पाँच सितारा होटल का निर्माण कराया जाएगा। इस अवसर पर राजेश रौशन, संयुक्त निदेशक, पर्यटन निदेशालय, चंदन चौहान, महाप्रबंधक, बिहार स्टेट टूरिज्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लि. सहित सभी विभागीय पदाधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित थे।