पटना की रिश्वतखोर DCLR होगी निलंबित ! मंत्री दिलीप जायसवाल ने लगाई मुहर, महिला अफसर पर गिरी गाज
प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए 'जीरो टॉलरेंस' की नीति के तहत राजधानी पटना से जुडी एक महिला डीसीएलआर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है
Bihar News : बिहार सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत एक और बड़ी कार्रवाई की पहल की गई है। राजधानी पटना से जुड़े एक मामले में पटना सिटी की भूमि सुधार उपसमाहर्ता (डीसीएलआर) अभिलाषा सिन्हा के खिलाफ गंभीर आरोप सामने आने के बाद उनके निलंबन की अनुशंसा की गई है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग को मिली शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दाखिल-खारिज से संबंधित एक अपील वाद के निष्पादन के लिए वरीय पदाधिकारी के नाम पर एक बिचौलिये के माध्यम से 15 लाख रुपये की रिश्वत ली गई।
शिकायत मिलने के बाद विभाग ने मामले का संज्ञान लेते हुए आरोपों की समीक्षा की और अभिलाषा सिन्हा के खिलाफ आरोप पत्र गठित किया। इसके बाद राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने सामान्य प्रशासन विभाग को पत्र भेजकर उनके निलंबन की सिफारिश की है। विभागीय मंत्री दिलीप जायसवाल ने भी इस अनुशंसा पर अपनी सहमति प्रदान कर दी है। अब अंतिम निर्णय सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से लिया जाएगा।
यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब राज्य सरकार लगातार भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त रुख अपनाने की बात कहती रही है। सरकार की ओर से कई बार स्पष्ट किया गया है कि प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई जा रही है और किसी भी स्तर पर शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि, संबंधित अधिकारी के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच और विभागीय प्रक्रिया अभी जारी है। अंतिम निर्णय जांच और प्रशासनिक कार्रवाई के बाद ही सामने आएगा। लेकिन शुरुआती स्तर पर निलंबन की अनुशंसा को सरकार के भ्रष्टाचार के प्रति सख्त रुख के तौर पर देखा जा रहा है।