बिहार कृषि ऐप और खेत बचाओ अभियान अन्नदाताओं के लिए साबित हो रहा वरदान, मंगल पांडेय ने की जमकर तारीफ
Bihar News : पूर्व कृषि एवं स्वास्थ्य मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता मंगल पांडेय ने कहा कि बिहार सरकार द्वारा किसानों की सुविधा के लिए ’’बिहार कृषि ऐप’’ लॉन्च करने और ’’खेत बचाओ अभियान’’ चलाने के ऐतिहासिक निर्णय की मैं हृदय से सराहना करता हूं। ’’बिहार कृषि ऐप’’ के माध्यम से अब किसान घर बैठे ही उद्यानिकी फसलों पर 75 प्रतिशत तक अनुदान के लिए आवेदन कर सकेंगे।
उन्होंने कहा, यह तकनीक का उपयोग कर किसानों को भ्रष्टाचार और दलालों से मुक्त करने की दिशा में बड़ा कदम है। साथ ही मिट्टी के स्वास्थ्य और कृषि लागत को कम करने के लिए चलाया जा रहा ’’खेत बचाओ अभियान’’ आने वाले समय में बिहार के किसानों की आय दोगुनी करने में मील का पत्थर साबित होगा।
पांडेय ने कहा कि मैं बिहार के मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी के किसान हितैषी निर्णयों की प्रशंसा करता हूं। उनके नेतृत्व में बिहार कृषि के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। मैं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के उस विजन की भी सराहना करता हूं जिसकी नींव पर आज बिहार में कृषि क्रांति आ रही है। किसानों के हित में उनके द्वारा चलाई गई योजनाएं आज भी प्रेरणा देती हैं और सबसे ऊपर देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के ’’सबका साथ, सबका विकास’’ के मंत्र से प्रेरित होकर केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही पीएम किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना ने देश के किसान को आत्मनिर्भर बनाया है। मोदी सरकार की सोच और डबल इंजन सरकार की मेहनत से आज बिहार का किसान समृद्ध और सशक्त बन रहा है।
उन्होंने कहा कि 20 जून 2026 को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा किसानों को दी जाने वाली कृषि अनुदान राशि की 23वीं किस्त जारी करने के ऐतिहासिक अवसर पर मैं उन्हें कोटि-कोटि धन्यवाद देता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 जून यानी शनिवार को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी करेंगे।
पीएम मोदी देशभर के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18,880 करोड़ रुपये सीधे ट्रांसफर करेंगे। यह पीएम-किसान योजना के इतिहास की सबसे बड़ी किस्तों में से एक होगी। प्रत्येक पात्र किसान के खाते में 2,000 रुपये की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से भेजी जाएगी।