सितंबर में त्योहारों से लेकर हड़ताल तक का बैंकों पर पड़ेगा असर, इतने दिन बंद रहेंगी शाखाएं, जानें पूरी लिस्ट
Bihar Bank Holidays: सितंबर 2026 में बैंक ग्राहकों के लिए जरूरी खबर है। ...
Bihar Bank Holidays: सितंबर 2026 में बैंक ग्राहकों के लिए जरूरी खबर है। भारतीय रिजर्व बैंक यानी RBI की हॉलिडे मैट्रिक्स के मुताबिक त्योहारों, क्षेत्रीय आयोजनों, शनिवार और रविवार की छुट्टियों के कारण अलग-अलग राज्यों और बैंकिंग केंद्रों पर कई दिन शाखाएं बंद रहेंगी। इसके अलावा बैंक कर्मचारियों की प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल भी सितंबर में बैंकिंग व्यवस्था को प्रभावित कर सकती है।हालांकि सभी छुट्टियां पूरे देश में लागू नहीं होंगी। RBI की छुट्टियों की सूची बैंकिंग केंद्र के हिसाब से तय होती है, इसलिए किसी भी जरूरी बैंकिंग काम से पहले अपने शहर की छुट्टी जरूर जांच लेना बेहतर होगा।
4 सितंबर से छुट्टियों का सिलसिला
सितंबर की प्रमुख बैंक छुट्टियों की शुरुआत 4 सितंबर, शुक्रवार से होगी। इस दिन जन्माष्टमी के कारण उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखंड समेत कई राज्यों में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी।इसके बाद बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों की संयुक्त संस्था UFBU ने 11 सितंबर को देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग लागू करने में हो रही देरी, PLI से जुड़े मतभेद और पेंशन से संबंधित लंबित मुद्दों का समाधान शामिल बताया गया है।
12 सितंबर को पूरे देश में बैंक बंद
12 सितंबर, शनिवार को महीने का दूसरा शनिवार है। RBI के नियमों के मुताबिक दूसरे और चौथे शनिवार को बैंक शाखाओं में अवकाश रहता है। इसलिए 12 सितंबर को देशभर की बैंक शाखाएं बंद रहेंगी।
गणेश चतुर्थी पर कई शहरों में छुट्टी
14 सितंबर, सोमवार को गणेश चतुर्थी के चलते कई बैंकिंग केंद्रों पर अवकाश रहेगा। RBI की सूची में बेलापुर, बेंगलुरु, भुवनेश्वर, चेन्नई, हैदराबाद, मुंबई, नागपुर, पणजी और विजयवाड़ा जैसे केंद्र शामिल हैं।15 सितंबर को भी कुछ बैंकिंग केंद्रों में गणेश चतुर्थी के दूसरे दिन, संवत्सरी और नुआखाई जैसे क्षेत्रीय त्योहारों के कारण बैंक बंद रहेंगे।
तीसरे सप्ताह में भी कई क्षेत्रीय छुट्टियां
21 सितंबर को राजस्थान में रामदेव जयंती/तेजा दशमी के कारण बैंक अवकाश रहेगा। 22 सितंबर को कर्म पूजा के अवसर पर गंगटोक और कोच्चि में बैंक बंद रहेंगे।23 सितंबर को जम्मू और रांची में महाराजा हरि सिंह जी की जयंती के कारण बैंक अवकाश रहेगा। वहीं 25 सितंबर को गंगटोक और पणजी में इंद्रजात्रा के अवसर पर बैंक शाखाएं बंद रहेंगी।26 सितंबर, शनिवार को महीने का चौथा शनिवार होने के कारण देशभर में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। इसके अगले दिन 27 सितंबर को रविवार है, इसलिए बैंक बंद रहेंगे। सितंबर में रविवार की तारीखें 6, 13, 20 और 27 सितंबर हैं।
बिहारवासी खास तौर पर इन तारीखों पर ध्यान दें
बिहार में सितंबर के दौरान 4 सितंबर को जन्माष्टमी, 12 सितंबर को दूसरा शनिवार, 26 सितंबर को चौथा शनिवार और सभी रविवार महत्वपूर्ण बैंक अवकाश हैं।ध्यान रखें कि बैंक छुट्टियों की सूची राज्य और बैंकिंग केंद्र के अनुसार अलग-अलग हो सकती है। इसलिए कैश निकालने, चेक जमा करने, बड़े लेन-देन या शाखा में किसी जरूरी काम के लिए निकलने से पहले अपने शहर की RBI हॉलिडे लिस्ट जरूर जांच लें। डिजिटल बैंकिंग और ATM जैसी सेवाएं शाखा बंद होने के बावजूद उपलब्ध रह सकती हैं, लेकिन उनकी उपलब्धता अलग-अलग परिस्थितियों पर निर्भर कर सकती है।