Rajya Sabha Elections: बिहार में राज्यसभा चुनाव आज, सीएम नीतीश, नवीन समेत 6 प्रत्याशियों का फैसला करेंगे 243 विधायक, 9 बजे से शुरु होगी वोटिंग, शाम में आएगा रिजल्ट

Rajya Sabha Elections: बिहार में राज्यसभा की पांच सीटों के लिए आज सोमवार को मतदान होगा। सुबह 9 बजे से शुरू होने वाली वोटिंग शाम 4 बजे तक चलेगी। इसके बाद शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी और आज ही परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।

राज्यसभा चुनाव
राज्यसभा के 5 सीटों के लिए वोटिंग आज - फोटो : AI Image

Rajya Sabha Elections: बिहार सहित 10 राज्यों के 37 राज्यसभा सीटों पर आज मतदान होना है। जिसके लिए वोटिंग आज सुबह 9 बजे से शुरु होगी जो शाम 4 बजे तक चलेगी। वहीं आज ही रिजल्ट भी आएगा। शाम 5 बजे से मतगणना शुरु होगी। मतगणना की प्रक्रिया पूरी करने के बाद देर शाम परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। बिहार के 5 सीटों के लिए 6 उम्मीदवार मैदान में हैं। एनडीए के 4 प्रत्याशियों का राज्यसभा जाना तय माना जा रहा है वहीं एक प्रत्याशी को लेकर संशय बना हुआ है। 

5 सीटों के लिए 6 उम्मीदवार मैदान में 

चुनावी मैदान में 6 उम्मीदवारों का होना चुनाव को दिलचस्प बना दिया है। यही कारण है कि मतदान की नौबत आई है। राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए 41 विधायकों के वोट की जरूरत है। बिहार विधानसभा में कुल 243 विधायक हैं। सभी विधायक इन 6 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। सीएम नीतीश बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी चुनावी मैदान में हैं। इन दोनों का राज्यसभा जाना तय माना जा रहा है। 

पांचवीं सीट पर NDA और महागठबंधन में मुकाबला

चूंकि विधानसभा में एनडीए के पास 202 विधायक हैं, जिसके आधार पर उसके चार उम्मीदवारों की जीत लगभग तय मानी जा रही है। हालांकि पांचवीं सीट के लिए एनडीए को तीन वोटों की कमी पड़ रही है। ऐसे में पांचवीं सीट पर एनडीए और महागठबंधन के बीच कड़ा मुकाबला होने की संभावना है। एनडीए की ओर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर, आरएलएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा और भाजपा के प्रदेश महामंत्री शिवेश राम को उम्मीदवार बनाया गया है। इनमें नीतीश कुमार, नितिन नवीन, रामनाथ ठाकुर और उपेंद्र कुशवाहा की जीत तय मानी जा रही है। पांचवीं सीट के लिए शिवेश राम और राजद उम्मीदवार एडी सिंह के बीच मुकाबला होगा।

समर्थन जुटाने में जुटे दल

चुनाव से पहले रविवार को प्रदेश की राजनीति काफी गरमाई रही। एनडीए में कई दौर की बैठकें हुईं। मंत्री लेसी सिंह के आवास, स्टेट गेस्ट हाउस और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास पर विधायकों के साथ रणनीति बनाई गई। वहीं महागठबंधन की बैठक होटल पनाश में हुई, जहां राजद, कांग्रेस, वाम दलों के साथ एआईएमआईएम और बसपा के विधायक भी मौजूद रहे। महागठबंधन ने अपने विधायकों को एकजुट रखने के लिए उन्हें होटल में ही ठहराया। इधर एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल इमान के आवास पर आयोजित इफ्तार पार्टी में तेजस्वी यादव भी शामिल हुए। इस दौरान तेजस्वी यादव ने एआईएमआईएम से समर्थन की अपील की, जिस पर अख्तरुल इमान ने महागठबंधन उम्मीदवार एडी सिंह को समर्थन देने की बात कही।

वोटिंग से पहले रिटर्निंग ऑफिसर का ट्रांसफर

इस बीच राज्यसभा चुनाव की वोटिंग से कुछ घंटे पहले रिटर्निंग ऑफिसर का ट्रांसफर चर्चा का विषय बन गया है। बिहार विधानसभा की सचिव और चुनाव की रिटर्निंग ऑफिसर ख्याति सिंह का तबादला कर दिया गया है। उन्हें पटना उच्च न्यायालय में ओएसडी के पद पर भेजा गया है।

वोटिंग की प्रक्रिया

इस चुनाव में सभी 243 विधायक बैलेट पेपर के जरिए मतदान करेंगे। विधायकों को उम्मीदवारों के नाम के सामने फर्स्ट प्रायोरिटी और सेकंड प्रायोरिटी अंकित करनी होगी। 41 फर्स्ट प्रायोरिटी वोट मिलने पर उम्मीदवार विजयी हो जाएगा। इसके बाद बची हुई प्राथमिकताओं के आधार पर अन्य उम्मीदवारों के वोट ट्रांसफर किए जाएंगे।