KVS Recruitment 2026: बिना लिखित इम्तिहान के केंद्रीय विद्यालय में टीचर बनने का सुनहरा मौका, वॉक-इन इंटरव्यू से हो रहा है सीधे चयन, चूक गए तो पछताएंगे

KVS Recruitment 2026: केंद्रीय विद्यालय संगठन भर्ती में किसी तरह का लिखित इम्तिहान नहीं होगा। उम्मीदवारों का चयन सीधे इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा। ...

Kendriya Vidyalaya Teacher Job
केंद्रीय विद्यालय में टीचर बनने का सुनहरा मौका- फोटो : X

KVS Recruitment 2026: केंद्रीय विद्यालय संगठन यानी Kendriya Vidyalaya Sangathan  में पढ़ाने का ख्वाब देखने वाले उम्मीदवारों के लिए मार्च का महीना बेहद अहम और उम्मीदों से भरा हुआ है। शिक्षा के मैदान में करियर बनाने का अरमान रखने वालों के लिए यह एक शानदार मौका बनकर सामने आया है। दरअसल KVS के कई स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए संविदा आधार पर शिक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और मार्च के दूसरे व तीसरे हफ्ते में अलग-अलग विद्यालयों में वॉक-इन इंटरव्यू आयोजित किए जा रहे हैं।

सबसे बड़ी और दिलचस्प बात यह है कि इस भर्ती में किसी तरह का लिखित इम्तिहान नहीं होगा। उम्मीदवारों का चयन सीधे इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा। यही वजह है कि शिक्षण क्षेत्र में किस्मत आजमाने वाले अभ्यर्थियों के लिए यह मौका किसी “गोल्डन चांस” से कम नहीं माना जा रहा। देश के विभिन्न राज्यों में स्थित केंद्रीय विद्यालयों ने इंटरव्यू की तारीखें जारी कर दी हैं और उम्मीदवारों को सलाह दी जा रही है कि वे संबंधित स्कूल का आधिकारिक नोटिस ध्यान से पढ़ें ताकि किसी तरह की जानकारी छूट न जाए।

फिलहाल उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश के कई केंद्रीय विद्यालयों ने इंटरव्यू की तारीखें घोषित की हैं। इनमें केंद्रीय विद्यालय आईआईआईटी झलवा प्रयागराज में 16 और 17 मार्च, केंद्रीय विद्यालय बाराबंकी में 18 मार्च, केंद्रीय विद्यालय सलोह में 20 मार्च, केंद्रीय विद्यालय सराहन में 24 मार्च और केंद्रीय विद्यालय 39वीं बटालियन एसएसबी गदनिया पलिया कलां में 24 और 25 मार्च को आयोजित किए जाएंगे।यानी अगर आप उत्तर प्रदेश या आसपास के किसी इलाके में रहते हैं तो आपके पास कई विकल्प मौजूद हैं।

इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कई पदों पर संविदा नियुक्ति की जाएगी।पीजीटी (पोस्ट ग्रेजुएट टीचर) के लिए हिंदी, अंग्रेजी, कंप्यूटर विज्ञान, अर्थशास्त्र, वाणिज्य और जीव विज्ञान जैसे विषयों के लिए उम्मीदवार को आवेदन करना चाहिए। वहीं टीजीटी (प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक) के लिए हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान और संस्कृत विषय के पाठ्यक्रम कर सकते हैं। इसके अलावा पीआरटी (प्राइमरी टीचर), म्यूजिक टीचर, कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर और स्पेशल एडुकेटर जैसे टीचर का भी चयन किया जाएगा।

इंटरव्यू में शामिल होने से पहले सभी जरूरी दस्तावेज तैयार रखना बेहद जरूरी है। इसमें भरा हुआ आवेदन फॉर्म, शैक्षणिक प्रमाणपत्रों की मूल प्रति, स्वप्रमाणित फोटोकॉपी, पहचान पत्र और पासपोर्ट साइज फोटो शामिल हैं। अधिकतर स्कूलों में सुबह पंजीकरण के बाद इंटरव्यू की प्रक्रिया शुरू होती है, इसलिए उम्मीदवारों को तय समय से पहले पहुंचने की सलाह दी जाती है।

हालांकि एक बात साफ समझ लेना जरूरी है कि यह नियुक्ति पूरी तरह संविदा यानी कॉन्ट्रैक्ट बेसिस पर होगी। चयन होने के बाद पद अस्थायी रहेगा और इसे स्थायी नहीं किया जाएगा। साथ ही इंटरव्यू के लिए आने-जाने का कोई यात्रा भत्ता या दैनिक भत्ता नहीं मिलेगा। उम्मीदवारों को यह खर्च खुद उठाना होगा।

पदों की योग्यता, नियम और अन्य जरूरी जानकारी के लिए उम्मीदवार Kendriya Vidyalaya Sangathan की आधिकारिक वेबसाइट kvsangathan.nic.in पर जारी नोटिस जरूर देखें। अगर आप तालीम की दुनिया में अपना मुकाम बनाना चाहते हैं तो यह मौका हाथ से जाने न दें।