Bihar Police Encounter : बिहार में फिर एनकाउंटर, आधी रात को शराब माफिया को पुलिस ने मारी गोली, जहरीली शराब कांड मामले में जांच के दौरान हुई मुठभेड़
Bihar Police Encounter : बिहार पुलिस और शराब माफियाओं में मुठभेड़ की जानकारी सामने आ रही है। पुलिस जहरीली शराब कांड मामले में जांच कर रही थी इसी दौरान अपराधियों ने पुलिस पर गोली चला दी, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में शराब माफिया के पैर में गोली लगी है..
Bihar Police Encounter : बिहार पुलिस ने एक बार फिर एनकाउंटर किया है। एनकाउंटर में शराब माफिया के पैर में गोली लगी है। मामला बिहार के सारण जिले का है। जहां जहरीली शराब कांड की जांच के दौरान रविवार देर रात पुलिस और शराब माफियाओं के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
जहरीली शराब बेचता था आरोपी
घटना मशरख और पानापुर थाना क्षेत्र के बॉर्डर इलाके की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान पानापुर थाना क्षेत्र के मिथवा गांव निवासी मुन्नी महतो के 26 वर्षीय बेटे सूरज महतो के रूप में हुई है। वह जहरीली शराब सप्लाई मामले में पुलिस की जांच के दायरे में था और घटना के बाद से फरार चल रहा था।
जहरीली शराब पीने से हुई थी मौत
दरअसल, सारण जिले में संदिग्ध जहरीली शराब पीने से पांच लोगों की मौत हो गई थी, जबकि करीब 12 लोगों की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पीड़ितों ने बताया था कि शराब पीने के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और आंखों से धुंधला दिखाई देने लगा। हालांकि इलाज के बाद सभी को अगले दिन अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। इस घटना के बाद जिला प्रशासन ने शराब माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी। जांच में पुलिस को सुराग मिला कि जहरीली शराब की सप्लाई सूरज महतो ने की थी।
कटिहार से किया गया था गिरफ्तार
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सूरज महतो कटिहार में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया और छपरा ले आई। शराब की बरामदगी और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उसे लेकर मशरख-पानापुर बॉर्डर इलाके में छापेमारी करने पहुंची थी।
पुलिस पर की गई फायरिंग
छापेमारी के दौरान आरोपी के सहयोगियों ने उसे छुड़ाने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें सूरज महतो के पैर में गोली लग गई। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए देर रात तक छापेमारी जारी रही।
अस्पताल में चल रहा इलाज
घायल सूरज महतो को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। जहां से बेहतर इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल छपरा रेफर किया गया। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों के मुताबिक गोली उसके पैर में लगी है और उसकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है। मशरख के एसडीपीओ ने बताया कि जहरीली शराब कांड की जांच में सूरज महतो का नाम सामने आया था। उसे गिरफ्तार कर शराब की बरामदगी के लिए ले जाया जा रहा था, तभी उसके सहयोगियों ने पुलिस पर हमला कर दिया। फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।