राबड़ी देवी को खाली करना होगा 10 सर्कुलर रोड आवास, मंत्री नंदकिशोर राम को अलॉट हुआ यह बंगला

Bihar Politics : पटना का मशहूर '10 सर्कुलर रोड' स्थित सरकारी बंगला एकबार फिर चर्चा में है। लंबे समय से पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और लालू प्रसाद यादव का आधिकारिक ठिकाना रहा यह बंगला अब बिहार सरकार के मंत्री नंदकिशोर राम को अलॉट कर दिया गया है....

राबड़ी देवी को खाली करना होगा 10 सर्कुलर रोड आवास, मंत्री नं

Patna : बिहार के सियासी गलियारों से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। पटना का मशहूर '10 सर्कुलर रोड' स्थित सरकारी बंगला, जो लंबे समय से पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और लालू प्रसाद यादव का आधिकारिक ठिकाना रहा है, अब सम्राट चौधरी सरकार में मंत्री नंदकिशोर राम को अलॉट कर दिया गया है। भवन निर्माण विभाग द्वारा जारी नए आदेश के बाद इस बंगले पर अब नए वीवीआईपी का बोर्ड लगने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।


राबड़ी देवी को बंगला खाली करने का नोटिस

नंदकिशोर राम को यह बंगला आवंटित किए जाने से पहले ही विभाग की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री व बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी को एक आधिकारिक नोटिस भेजा जा चुका है। इस नोटिस में उन्हें 10 सर्कुलर रोड स्थित अपने वर्तमान सरकारी आवास को खाली करने का निर्देश दिया गया है। गौरतलब है कि यह बंगला बिहार की सियासत का एक बड़ा केंद्र रहा है, जहां से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की कई बड़ी राजनीतिक रणनीतियां तय होती रही हैं।


हार्डिंग रोड में मिला नया सरकारी आवास

10 सर्कुलर रोड का बंगला खाली कराने के एवज में राज्य सरकार द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को पटना के ही पॉश इलाके हार्डिंग रोड में एक नया सरकारी बंगला आवंटित किया गया है। विभाग के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्रियों को मिलने वाली सरकारी सुविधाओं और सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए ही हार्डिंग रोड स्थित इस नए बंगले को पूरी तरह तैयार किया गया है। 


प्रशासनिक नियमों के तहत हुआ फेरबदल

भवन निर्माण विभाग के सूत्रों के अनुसार, यह फेरबदल पूरी तरह से प्रशासनिक और पद की गरिमा के नियमों के तहत किया गया है। चूंकि मंत्री का पद गरिमापूर्ण होता है और उनके लिए निर्धारित विशिष्ट श्रेणी के आवासों के तहत ही 10 सर्कुलर रोड के बंगले का आवंटन नंदकिशोर राम के नाम पर किया गया है। इससे पहले भी सरकार द्वारा अलग-अलग मंत्रियों और पदाधिकारियों के आवासों में बदलाव किए जाते रहे हैं।


सियासी गलियारों में नई चर्चाएं शुरू

इस बड़े बंगले के फेरबदल के बाद पटना की राजनीतिक आबोहवा में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच इसे लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि, प्रशासनिक तौर पर इसे नियमित प्रक्रिया बताया जा रहा है। अब देखना यह होगा कि पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी का परिवार कितनी जल्दी हार्डिंग रोड के नए बंगले में शिफ्ट होता है और नंदकिशोर राम कब इस ऐतिहासिक बंगले में गृह प्रवेश करते हैं।



रंजन की रिपोर्ट