कांटी विधायक अजीत कुमार ने पथ निर्माण मंत्री को सौंपा ज्ञापन, क्षेत्र की 3 प्रमुख सड़कों के जीर्णोद्धार की मांग

Bihar News : पथ निर्माण मंत्री शैलेंद्र कुमार के आगमन पर कांटी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सह पूर्व मंत्री ई. अजीत कुमार ने उनसे मुलाकात की। इस दौरान मंत्री से तीन प्रमुख मुख्य सड़कों के अविलंब जीर्णोद्धार और निर्माण कार्य कराने की पुरजोर मांग की गई.

कांटी विधायक अजीत कुमार ने पथ निर्माण मंत्री को सौंपा ज्ञापन
पथ निर्माण मंत्री से सड़कों के जीर्णोद्धार की मांग- फोटो : नरोत्तम कुमार

Muzaffarpur : मुजफ्फरपुर सर्किट हाउस में शुक्रवार को बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री शैलेंद्र कुमार के आगमन पर कांटी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सह पूर्व मंत्री ई. अजीत कुमार ने उनसे मुलाकात की। विधायक ने मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया और क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान विधायक अजीत कुमार ने कांटी क्षेत्र की जर्जर सड़कों की स्थिति से मंत्री को अवगत कराते हुए एक लिखित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जनहित को ध्यान में रखते हुए तीन प्रमुख मुख्य सड़कों के अविलंब जीर्णोद्धार और निर्माण कार्य कराने की पुरजोर मांग की गई।


इन तीन प्रमुख ग्रामीण व मुख्य मार्गों के निर्माण की मांग

विधायक अजीत कुमार द्वारा सौंपे गए ज्ञापन के अनुसार, कांटी विधानसभा की तीन अत्यंत महत्वपूर्ण सड़कों के कायाकल्प की मांग की गई है। इनमें पहली सड़क कांटी प्रखंड के पकड़ी गंडक बांध से चमरूआ इन्डा शिव मंदिर एनएच तक (भाया मधुबन, नरसंडा चौक, मानिकपुर, बंगरा चौपान, गोरियारा और रौतिनिया पशु मेला) जाने वाली मार्ग है। दूसरी सड़क मुजफ्फरपुर-देवरिया पीडब्लूडी मुख्य मार्ग में दामोदरपुर पुल से शेरुकाही पीडब्लूडी सड़क तक (भाया शाहपुर, शेरपुर और मुबारकपुर) है। वहीं तीसरी सड़क एनएच 722 करजा चट्टी से फंदा तक (भाया करजा, प्रतापपुर, चैनपुर चौक और फंदा हाई स्कूल) को जोड़ने वाला मार्ग शामिल है।


पथ निर्माण मंत्री ने तुरंत लिया संज्ञान, कार्यपालक अभियंता तलब

कांटी विधायक की इस मांग पर पथ निर्माण मंत्री शैलेंद्र कुमार ने त्वरित और सकारात्मक संज्ञान लिया। मंत्री ने मामले की गंभीरता और जनहित को देखते हुए बिना किसी देरी के विभागीय कार्यपालक अभियंता (Executive Engineer) को सर्किट हाउस में ही तलब कर लिया। उन्होंने अभियंता को निर्देश दिया कि विधायक द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में अंकित तीनों सड़कों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करें और धरातल पर जल्द से जल्द काम शुरू करने के लिए इनका एक विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार करने की प्रक्रिया शुरू करें।


त्वरित डीपीआर (DPR) बनाने का विभागीय अधिकारियों को निर्देश

मंत्री के कड़े रुख और त्वरित निर्देश के बाद विभागीय अधिकारियों में हलचल तेज हो गई है। पथ निर्माण मंत्री ने कार्यपालक अभियंता को स्पष्ट आदेश दिया है कि इन तीनों सड़कों के निर्माण के लिए त्वरित गति से डीपीआर तैयार कर मुख्यालय को भेजी जाए ताकि बजटीय आवंटन कर प्रशासनिक स्वीकृति दी जा सके। इन सड़कों के बन जाने से कांटी विधानसभा क्षेत्र के दर्जनों गांवों की एक बड़ी आबादी को जिला मुख्यालय और राष्ट्रीय राजमार्गों (NH) तक आने-जाने में काफी सहूलियत होगी और समय की भी बचत होगी।


क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयास रहेगा जारी: अजीत कुमार

मुलाकात और सकारात्मक आश्वासन के बाद विधायक ई. अजीत कुमार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि कांटी विधानसभा क्षेत्र के सभी प्रमुख और जनहित से जुड़े मामलों को वे लगातार सरकार के समक्ष उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता को बेहतर यातायात व्यवस्था और बुनियादी सुविधाएं दिलाना उनकी पहली प्राथमिकता है। सड़कों की जर्जर स्थिति से लोगों को हो रही परेशानी का अब जल्द ही निराकरण होगा और क्षेत्र के विकास के लिए उनका यह चौमुखी प्रयास भविष्य में भी इसी तरह निरंतर जारी रहेगा।


नरोत्तम की रिपोर्ट