पूर्णिया में दोस्ती का खूनी अंत: हवलदार पुत्र और स्मैकरों ने युवक को पीट-पीटकर मारा, रेलवे पटरी पर मिला शव

बिहार के पूर्णिया में स्मैकरों ने अपने ही दोस्त की पीट-पीटकर हत्या कर दी। खजांची हाट थाना के हनुमानबाग में रेलवे पटरी के किनारे शव मिला। पुलिस जांच में जुटी।

पूर्णिया में दोस्ती का खूनी अंत: हवलदार पुत्र और स्मैकरों ने

  • Patna - बिहार के पूर्णिया जिले में नशेडि़यों और स्मैकरों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि अब मामूली विवाद में जान ली जा रही है। आज एक सनसनीखेज मामले में दोस्तों ने ही अपने दोस्त की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी और साक्ष्य छुपाने के लिए शव को खजांची हाट थाना क्षेत्र के हनुमानबाग में रेलवे पटरी के किनारे फेंक दिया । मृतक की पहचान विशाल के रूप में हुई है, जिसके शरीर पर चोट के कई निशान पाए गए हैं, जो उसकी दर्दनाक मौत की गवाही दे रहे हैं 


  • स्मैकरों का तांडव: हवलदार के बेटे पर लगा हत्या का आरोप

    मृतक विशाल की मां मधु देवी ने पुलिस और मीडिया के सामने बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि उनके बेटे की हत्या में एक हवलदार का पुत्र और कई अन्य स्मैकर शामिल हैं 。 मधु देवी के अनुसार, विशाल भी पूर्व में गलत संगत में पड़ गया था, लेकिन पिछले कुछ महीनों से वह खुद को सुधारने की कोशिश कर रहा था । उन्होंने बताया कि छह महीने पहले दोस्तों के बीच हुए एक झगड़े के बाद से ही कुछ लड़के उसे मारने की तलाश में थे 


  • आधी रात को आए एक फोन कॉल ने बिछाया मौत का जाल

    घटना की रात विशाल के पास किसी का फोन आया था, जिसके बाद वह संदिग्ध परिस्थितियों में घर से निकला था । परिजनों के मुताबिक, वह अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़कर गया था और रात भर वापस नहीं लौटा । पूरी रात खोजबीन करने के बाद भी जब उसका पता नहीं चला, तो सुबह हनुमान बाग के पास रेलवे लाइन के किनारे उसका शव मिलने की सूचना मिली 



  • पुलिस और आरपीएफ की टीम जांच में जुटी

    शव मिलने की सूचना मिलते ही खजांची हाट थाना प्रभारी उदय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, वहीं आरपीएफ की टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया । थाना प्रभारी ने प्रारंभिक जांच के बाद पुष्टि की है कि युवक की मौत पीट-पीटकर की गई है । फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की धरपकड़ के लिए संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है 


  • स्मैक के बढ़ते जाल पर कांग्रेस ने प्रशासन को घेरा

    इस हत्याकांड के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष आदित्य कुमार सिंह ने घटना स्थल पर पहुंचकर प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं । उन्होंने कहा कि पूर्णिया जिले में स्मैक का कारोबार और स्मैकरों का आतंक चरम पर है, जिसके कारण आए दिन ऐसी आपराधिक घटनाएं हो रही हैं । उन्होंने मांग की है कि पुलिस जल्द से जल्द दोषियों को गिरफ्तार करे और जिले में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाए 


    रिपोर्ट - अंकित कुमार झा