Bihar News : रसोई गैस की किल्लत पर फूटा उपभोक्ताओं का गुस्सा, गैस एजेंसी के सामने किया प्रदर्शन, महिलाओं ने लगाया कालाबाजारी का आरोप

Bihar News : मुंगेर में रसोई गैस की किल्लत को लेकर उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा. इस मामले को लेकर उन्होंने एजेंसी के सामने प्रदर्शन किया......पढ़िए आगे

Bihar News : रसोई गैस की किल्लत पर फूटा उपभोक्ताओं का गुस्सा
उपभोक्ताओं का फूटा गुस्सा - फोटो : IMTIYAZ

MUNGER : घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत और वितरण में बरती जा रही अनियमितता के खिलाफ उपभोक्ताओं का धैर्य आखिरकार जवाब दे गया। ईस्ट कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित शिव-पार्वती गैस एजेंसी के बाहर मंगलवार को बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने जमकर हंगामा और नारेबाजी की। सुबह से ही लंबी कतारों में खड़े लोगों को जब गैस नहीं मिली, तो आक्रोशित महिलाओं ने सड़क जाम कर दिया। उपभोक्ताओं का सीधा आरोप है कि गैस एजेंसी मालिक घरेलू सिलेंडरों की कालाबाजारी कर रहे हैं, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

घटना के संबंध में बताया गया कि एजेंसी द्वारा उपभोक्ताओं को मंगलवार को गैस वितरण का आश्वासन दिया गया था। भरोसे के साथ सैकड़ों लोग तड़के सुबह से ही खाली सिलेंडर लेकर लाइन में लग गए थे। लेकिन घंटों बीत जाने के बाद भी जब एजेंसी का ताला नहीं खुला और न ही कोई कर्मचारी मौके पर पहुँचा, तो लोगों का गुस्सा भड़क उठा। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने बताया कि घर का चूल्हा बुझा हुआ है और वे कई दिनों से गैस के लिए चक्कर काट रही हैं, लेकिन हर बार उन्हें खाली हाथ लौटा दिया जाता है।

प्रदर्शन के दौरान उपभोक्ताओं ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि एक ओर आम लोगों को खाना बनाने के लिए गैस नहीं मिल रही है, वहीं दूसरी ओर होटलों, रेस्टोरेंटों और चाय-नाश्ते की दुकानों में घरेलू गैस सिलेंडरों का धड़ल्ले से कमर्शियल इस्तेमाल किया जा रहा है। लोगों का कहना है कि एजेंसी प्रबंधन की मिलीभगत से सिलेंडरों को काले बाजार में ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा है। हंगामे के कारण सड़क पर आवागमन बाधित हो गया और जाम की स्थिति बन गई।

इसी बीच, वहाँ से डीआईजी (DIG) का काफिला गुजर रहा था। सड़क पर प्रदर्शन और जाम देख डीआईजी के बॉडीगार्ड्स ने गाड़ी से उतरकर मोर्चा संभाला और प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर रास्ता खाली कराया। इसके तुरंत बाद ईस्ट कॉलोनी थाना पुलिस भी मौके पर पहुँच गई। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित उपभोक्ताओं को शांत कराया और उनकी समस्याओं को सक्षम अधिकारियों तक पहुँचाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी।

फिलहाल, पुलिस के हस्तक्षेप के बाद हंगामा शांत हो गया है, लेकिन उपभोक्ताओं की नाराजगी कम नहीं हुई है। पीड़ित लोगों ने जिलाधिकारी (DM) से इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और गैस वितरण प्रणाली में पारदर्शिता लाने की मांग की है। उपभोक्ताओं का कहना है कि यदि जल्द ही नियमित आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई और कालाबाजारी पर रोक नहीं लगी, तो वे फिर से उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। 

इम्तियाज़ की रिपोर्ट