Bihar Crime : गया पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई, 2 क्विंटल से अधिक डोडा के साथ 10 अंतरराज्यीय तस्कर को किया गिरफ्तार, पिकअप और 4 बाइक किया जब्त

Bihar Crime : गया पुलिस ने दो क्विंटल से अधिक डोडा बरामद किया है. वहीँ मौके से 10 तस्करों को गिरफ्तार किया है......पढ़िए आगे

Bihar Crime : गया पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई, 2 क्विंटल से अध
डोडा बरामद - फोटो : MANOJ

GAYAJI : गया पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के दिशा-निर्देशन और इमामगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) कमलेश कुमार के नेतृत्व में की गई छापेमारी में भारी मात्रा में अवैध डोडा (अफीम का अवशेष) बरामद किया गया है। मंगलवार, 7 अप्रैल 2026 की देर रात करीब 1:00 बजे मैगरा थाना अंतर्गत सेवरा राज बांध के पास से पुलिस ने एक पिकअप वैन और चार मोटरसाइकिलों के साथ 10 तस्करों को रंगे हाथ दबोच लिया।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि तस्करों का एक बड़ा समूह भारी मात्रा में मादक पदार्थों की खेप लेकर निकलने वाला है। सूचना के आधार पर गठित विशेष टीम, जिसमें मैगरा थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार, एसटीएफ के जवान, एसआई निरंजन पासवान और एएसआई राजेश कुमार यादव शामिल थे, ने सेवरा राज बांध के पास घेराबंदी की। तलाशी के दौरान एक पिकअप वैन से 15 बोरों में भरा हुआ कुल 2 क्विंटल 30 किलो 800 ग्राम अवैध डोडा बरामद किया गया। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो अपाचे, एक शाइन और एक स्प्लेंडर बाइक भी जब्त की गई।

गिरफ्तार किए गए 10 तस्करों में बिहार और झारखंड के शातिर अपराधी शामिल हैं। इनमें चतरा (झारखंड) के बबन पासवान, राजू यादव और गोपाल कुमार शाह के अलावा छकरबंधा क्षेत्र के रविंद्र कुमार यादव, विक्रम कुमार, मदन यादव, सुभाष यादव, धनंजय यादव और मैगरा के राहुल उर्फ राजकुमार यादव तथा सुहैल सलैया के संतोष यादव शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से 9 एंड्रॉइड फोन भी बरामद किए हैं, जिनका उपयोग तस्करी के नेटवर्क को संचालित करने के लिए किया जा रहा था।

पकड़े गए सभी अभियुक्तों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस बरामद मोबाइल फोन के कॉल रिकॉर्ड्स और डेटा खंगाल रही है ताकि इस गिरोह के मास्टरमाइंड तक पहुँचा जा सके। प्रारंभिक जांच में यह एक अंतरराज्यीय गिरोह प्रतीत हो रहा है जो झारखंड और बिहार के सीमावर्ती इलाकों में मादक पदार्थों की सप्लाई करता है।

हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस बात का खुलासा नहीं किया है कि डोडा की यह बड़ी खेप कहाँ बेची जानी थी और इसका असली खरीदार कौन था। इमामगंज एसडीपीओ ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके संपर्कों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस खेप का संबंध किसी बड़े ड्रग सिंडिकेट से तो नहीं है। इस सफल कार्रवाई से इलाके के नशा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। 

मनोज की रिपोर्ट