अनंत सिंह के साथ घूमने वाले अनुज सिंह को पीके ने नहीं दिया टिकट, 5 सीटों पर जनसुराज के उम्मीदवार घोषित, पटना स्नातक पर पेंच

रभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एसपी राय, दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से रवींद्र यादव और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से अफाक अहमद को तथा पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से दिव्या ज्योति और कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से रजनीश रंजन को टिकट मिला है

Bihar MLC Election
Bihar MLC Election- फोटो : news4nation

Bihar MLC Election :   बिहार में विधान परिषद की 8 सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने 5 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। इनमें 2 शिक्षक और 3 स्नातक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। हालांकि, पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र को लेकर सियासी तस्वीर अभी साफ नहीं हुई है। इस सीट पर मुकाबला बेहद रोचक माना जा रहा है। जन सुराज के टिकट पर पहले बिहार विधानसभा चुनाव लड़ चुके अनुज सिंह इन दिनों जदयू विधायक अनंत सिंह के साथ नजर आ रहे हैं। वहीं, प्रशांत किशोर ने अभी तक अनुज सिंह के नाम पर अंतिम फैसला नहीं लिया है।


5 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा

जन सुराज पार्टी ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विधान परिषद की 5 सीटों के लिए अपने प्रत्याशियों के नामों का आधिकारिक ऐलान किया। पार्टी की ओर से घोषित उम्मीदवारों में दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एसपी राय, दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से रवींद्र यादव और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से अफाक अहमद को उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से दिव्या ज्योति और कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से रजनीश रंजन को टिकट दिया गया है। पार्टी ने अभी 2 स्नातक और 1 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा नहीं की है।


पटना स्नातक सीट पर अनुज सिंह के नाम को लेकर सस्पेंस

पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अनुज सिंह के नाम की चर्चा लगातार तेज है। हालांकि, जन सुराज पार्टी ने अभी तक उनके नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। अनुज सिंह इससे पहले बिहार विधानसभा चुनाव जन सुराज पार्टी के टिकट पर लड़ चुके हैं। इस बार अनुज सिंह जदयू विधायक अनंत सिंह के साथ नजर आ रहे हैं। अनंत सिंह खुलकर अनुज सिंह के समर्थन में उतर चुके हैं। ऐसे में पटना स्नातक सीट पर जन सुराज के उम्मीदवार को लेकर राजनीतिक दिलचस्पी बढ़ गई है।


फिलहाल इस सीट से जदयू के नीरज कुमार विधान परिषद सदस्य हैं। अनंत सिंह ने दावा किया है कि इस बार वह नीरज कुमार को चुनाव नहीं जीतने देंगे। वह लगातार पार्टी लाइन से अलग रुख अपनाते हुए नीरज कुमार का विरोध कर रहे हैं और अनुज सिंह के समर्थन में बयान दे रहे हैं।


स्नातक मतदाताओं से प्रशांत किशोर का वादा

उम्मीदवारों की घोषणा के दौरान प्रशांत किशोर ने स्नातक मतदाताओं से रोजगार का वादा किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह बांकीपुर के बेरोजगार युवाओं के लिए 10 हजार लोगों को रोजगार देने का ऐलान किया गया था, उसी तरह वह स्नातक मतदाताओं से भी वादा करते हैं कि जन सुराज 10 हजार बेरोजगार स्नातकों को रोजगार दिलाने की दिशा में काम करेगी।


जन सुराज पार्टी पहले ही बिहार विधान परिषद की सभी 8 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुकी है। अब तक 5 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा हो चुकी है, जबकि 3 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम सामने आना बाकी है।