Bihar Police Raid: मोतिहारी के साथ-साथ मुजफ्फरपुर और भागलपुर के जेलों में भी पुलिस की रेड, सुबह से चल रही सघन छापेमारी
Bihar Police Raid: बिहार के कई जिलों में छापेमारी जारी है। मुजफ्फरपुर और भागलपुर के जेलों में सुबह 4 बजे से ही छापेमारी अभियान जारी है। सभी वार्डों में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
Bihar Police Raid: बिहार में नई सरकार के गठन के बाद कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। कई जिलों की पुलिस जेलों में छापेमारी अभियान चला रही है। शुक्रवार अहले सुबह से ही राज्यभर की जेलों में एक साथ सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई के तहत मोतिहारी, मुजफ्फरपुर, भागलपुर और नवगछिया समेत कई जिलों की जेलों में प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मैदान में उतरे हैं।

सुबह 4 बजे से हो रही छापेमारी
मुजफ्फरपुर के शहीद खुदीराम बोस केंद्रीय कारा में सुबह करीब 4 बजे जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन और वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में छापेमारी शुरू हुई। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी तुषार कुमार, कई डीएसपी और करीब 200 पुलिसकर्मी मौजूद रहे। जेल के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई, हालांकि कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई।

एक एक बैरक और सेल की तलाशी
वहीं भागलपुर स्थित शहीद जुब्बा सहनी केंद्रीय कारा और महिला मंडल कारा में भी जिला दंडाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और एसएसपी प्रमोद कुमार यादव के नेतृत्व में व्यापक जांच अभियान चलाया गया। अधिकारियों ने एक-एक बैरक और सेल की बारीकी से तलाशी ली। यहां भी किसी तरह की अवैध वस्तु नहीं मिली।

संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण
नवगछिया अनुमंडलीय कारा में पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार और एसडीओ रोहित कर्दम के नेतृत्व में छापेमारी की गई। इस दौरान जेल के वार्ड, बैरक और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया गया। साथ ही सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली और जेल कर्मियों की सतर्कता की भी समीक्षा की गई। इस संयुक्त कार्रवाई में डीएम, एसएसपी, एसपी, एसडीओ समेत कई वरीय अधिकारी शामिल रहे। छापेमारी के बाद अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि राज्य में जेलों के भीतर किसी भी तरह की लापरवाही या अवैध गतिविधियों को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मुजफ्फरपुर से मणि भूषण और भागलपुर से अंजनी की रिपोर्ट