CM Nitish News: पूर्व मुख्यमंत्री को नया बंगला आवंटित, दिल्ली में अब यहां होगा नीतीश कुमार का ठिकाना, जानिए खासियत

CM Nitish News: पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को दिल्ली में नया बंगला आवंटित हो गया है। अब नीतीश कुमार का नया ठिकाना 9 सुनहरी बाग स्थित टाइप-8 बंगला होगा। यह इलाका देश के शीर्ष नेताओं का वीआईपी जोन माना जाता है।

नीतीश कुमार
नीतीश कुमार का नया ठिकाना - फोटो : News4nation

CM Nitish News:  बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और जदयू के राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार को दिल्ली में नया सरकारी आवास आवंटित किया गया है। अब नीतीश कुमार का नया ठिकाना 9 सुनहरी बाग स्थित टाइप-8 बंगला होगा। यह इलाका देश के शीर्ष नेताओं का वीआईपी जोन माना जाता है। यहां उनके पड़ोस में गृह मंत्री अमित शाह, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान समेत कई दिग्गज नेताओं के आवास पहले से मौजूद हैं।

नीतीश का बदला ठिकाना 

बताया जा रहा है कि नीतीश कुमार इससे पहले दिल्ली में 6, कामराज लेन स्थित आवास में रहते थे। राज्यसभा सदस्य बनने के बाद उन्हें यह नया और बड़ा आवास आवंटित किया गया है। साथ ही उनकी सुरक्षा व्यवस्था को भी और मजबूत किया गया है। नीतीश कुमार को CRPF की Z+ श्रेणी की सुरक्षा पूरे देश में उपलब्ध कराई गई है। राजनीतिक गलियारों में इसे उनके बढ़ते राष्ट्रीय कद के रूप में भी देखा जा रहा है। बता दें कि, साल 2018 में नीतीश कुमार को  6 कामराज लेन में टाइप-8 श्रेणी का बंगला आवंटित किया गया था। अब उन्हें नया आवास भी इसी श्रेणी में मिला है।

क्या है टाइप-8 बंगला?

लुटियंस दिल्ली में टाइप-1 से लेकर टाइप-8 तक विभिन्न श्रेणियों के सरकारी आवास मौजूद हैं। इनमें टाइप-8 सबसे उच्च श्रेणी का माना जाता है। ऐसे बंगलों का क्षेत्रफल आमतौर पर 8,000 से 8,500 वर्ग फुट तक होता है, जिनमें 8 कमरे, 5-6 बेडरूम, लिविंग रूम, डाइनिंग एरिया, स्टडी रूम, गैराज और आगे-पीछे बड़े लॉन शामिल होते हैं। इन बंगलों में उच्च स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था होती है, जिसमें 24 घंटे सुरक्षाकर्मी, सीसीटीवी निगरानी और कंट्रोल रूम जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहती हैं।

किसे मिलता है यह आवास?

टाइप-8 बंगले आमतौर पर देश के शीर्ष पदों पर आसीन या रह चुके व्यक्तियों को आवंटित किए जाते हैं। इनमें केंद्रीय मंत्री, सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश, पूर्व प्रधानमंत्री, पूर्व राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति जैसे पदाधिकारी शामिल होते हैं। उदाहरण के तौर पर, अमित शाह, राजनाथ सिंह और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जैसे नेताओं को भी टाइप-8 श्रेणी के बंगले आवंटित हैं। पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू को भी इसी श्रेणी का आवास दिया गया है।

आवंटन का आधार क्या होता है?

सरकारी आवास का आवंटन पद, जिम्मेदारी और सुरक्षा जरूरतों के आधार पर किया जाता है। जितना उच्च पद, उतनी ही उच्च श्रेणी का आवास मिलता है। टाइप-8 बंगले न केवल सुविधा बल्कि प्रतिष्ठा और सुरक्षा का भी प्रतीक माने जाते हैं। लुटियंस दिल्ली में करीब 3,000 से अधिक सरकारी आवास हैं। जिनमें टाइप-8 बंगलों की संख्या 100 से अधिक बताई जाती है। ये बंगले देश की सत्ता और प्रशासनिक व्यवस्था के शीर्ष स्तर को दर्शाते हैं।

दिल्ली से धीरज की रिपोर्ट