Bihar News : पटना पुलिस ने गेस्ट हाउस की आड़ में सेक्स रैकेट का किया खुलासा, 4 महिलाओं सहित पांच लोगों को किया गिरफ्तार
Bihar News : पटना में गेस्ट हाउस की आड़ में चल रहे कथित सेक्स रैकेट का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने 4 महिलाओं सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है.....पढ़िए आगे
PATNA : बिहार की राजधानी पटना के राजीवनगर थाना क्षेत्र स्थित घुड़दौड़ इलाके में पुलिस और एसएसपी सेल की एसआईयू टीम ने एक बड़ी संयुक्त कार्रवाई करते हुए कथित सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। वहां स्थित 'गणपति गेस्ट हाउस' में अचानक मारी गई दबिश के दौरान पुलिस ने अलग-अलग कमरों से चार युवतियों और एक युवक को गिरफ्तार किया है। मौके से भारी मात्रा में कंडोम समेत अन्य आपत्तिजनक सामग्रियां भी बरामद की गई हैं। पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही गेस्ट हाउस का मालिक और कर्मचारी पिछले दरवाजे से भागने में सफल रहे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घुड़दौड़ स्थित इस जी+4 मंजिला गणपति गेस्ट हाउस में पिछले करीब छह महीनों से संदिग्ध गतिविधियों के संचालित होने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पटना पुलिस और एसआईयू की टीम पिछले दो महीनों से गेस्ट हाउस पर पैनी नजर रख रही थी और आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ने के लिए जाल बिछा रही थी। शनिवार को पक्की सूचना मिली कि गेस्ट हाउस के कमरों में कुछ युवक और युवतियां मौजूद हैं, जिसके बाद पुलिस ने पूरे भवन की घेराबंदी कर अचानक छापेमारी कर दी।
छापेमारी के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्राउंड फ्लोर से लेकर चौथी मंजिल तक गहन तलाशी अभियान चलाया। इस सर्च ऑपरेशन में संदिग्ध अवस्था में पाई गईं चार युवतियों और एक युवक को हिरासत में ले लिया गया। हालांकि, कार्रवाई की भनक मिलते ही गेस्ट हाउस मालिक, कर्मचारी और कुछ अन्य युवक पीछे के गुप्त रास्ते का फायदा उठाकर चकमा देकर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से मिले सभी आपत्तिजनक सामानों को जब्त कर सील कर दिया है।
गिरफ्तार किए गए युवक और चारों युवतियों को राजीवनगर थाने ले जाया गया है, जहां महिला पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में उनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार लोगों से पूछताछ के जरिए इस नेटवर्क के तार कहां-कहां जुड़े हैं और गेस्ट हाउस में यह धंधा कब से चल रहा था, इसकी पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। फरार गेस्ट हाउस मालिक व कर्मचारियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।
अनिल की रिपोर्ट