Bihar News : मुजफ्फरपुर में बकाया मांगने गए कपड़ा व्यापारी पर बदमाश ने किया जानलेवा हमला, शीशे की बोतल से रेता गला, SKMCH में चल रहा इलाज
Bihar News : मुजफ्फरपुर में एक बार फिर बेखौफ अपराधियों ने अपने कपड़े का बकाया मांगने पहुंचे कपड़ा दुकानदार पर जानलेवा हमला कर उसका गला रेत दिया......पढ़िए आगे
MUZAFFARPUR ; बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि बकाया पैसा मांगने जैसी बात पर एक कपड़ा व्यापारी पर जानलेवा हमला कर दिया गया। बरियारपुर थाना क्षेत्र में बकाया राशि वसूलने गए 25 वर्षीय कपड़ा दुकानदार का शीशे की बोतल से गला रेत दिया गया। वारदात के बाद लहूलुहान अवस्था में युवक को गंभीर स्थिति में इलाज के लिए मुजफ्फरपुर के श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (SKMCH) में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना बरियारपुर थाना क्षेत्र के सुंदरपुर गांव की है। जानकारी के अनुसार, सकरा थाना क्षेत्र के रामनगर गांव निवासी राजेंद्र राय का 25 वर्षीय पुत्र पवन कुमार कपड़े का कारोबार करता है। पवन सुंदरपुर निवासी शशि झा के घर अपने कपड़े का पुराना बकाया पैसा वसूलने गया हुआ था। बकाया मांगने की बात पर शशि झा और उसके साथियों के साथ विवाद हो गया, जिसके बाद आरोपियों ने अचानक हमला कर दिया।
विवाद के दौरान आरोपी शशि झा ने अपने दो अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर पवन कुमार पर शीशे की बोतल से हमला किया और उसका गला रेत दिया। हमले में पवन कुमार बुरी तरह जख्मी होकर खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में पीड़ित को SKMCH अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर उसकी जान बचाने में जुटे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही बरियारपुर थाने की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। एसडीपीओ ईस्ट-2 मनोज कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बकाया पैसे के लेन-देन के विवाद में शशि झा और उसके सहयोगियों ने पवन कुमार पर हमला किया है। पुलिस ने पीड़ित के परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है।
मणिभूषण की रिपोर्ट