Bihar News: पटना में T20 वर्ल्ड कप के नाम पर चल रहा 'सट्टे का काला खेल', पुलिस ने 6 ठगों को दबोचा

Bihar News: पटना में T20 वर्ल्ड कप के नाम सट्टे का खेल चल रहा था। पुलिस को जब इसकी जानकारी मिली तो पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की और 6 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया।

साइबर ठग
सट्टे का चल रहा था खेल - फोटो : social media

Bihar News: झारखंड के बाद अब बिहार में भी साइबर अपराधियों ने अपने पैर पसार लिए हैं। राजधानी पटना में किराए के मकान से संचालित एक साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने छह शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कदमकुआं थाना क्षेत्र के लोहानीपुर काटपुल के पास एक मकान में बैठकर T20 वर्ल्ड कप के नाम पर सट्टेबाजी का अवैध खेल चलाया जा रहा है।

6 साइबर ठग गिरफ्तार 

सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में हरीश कुमार, छोटू कुमार, सुमित कुमार, अमरजीत कुमार, हरिओम और कुंदन कुमार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह T20 वर्ल्ड कप मैचों में रन, विकेट और जीत-हार पर दांव लगवाने के नाम पर लोगों को झांसा देता था। साथ ही शेयर बाजार में निवेश का लालच देकर भी ठगी की जाती थी।

लखनऊ से संचालित होता है गिरोह 

यह पूरा नेटवर्क कथित तौर पर लखनऊ से संचालित किया जा रहा था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने चार लैपटॉप, छह मोबाइल फोन, वाई-फाई राउटर, आधार कार्ड, पैन कार्ड और क्रेडिट कार्ड सहित कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए हैं।

लखनऊ पुलिस से संपर्क में पटना पुलिस 

पटना पुलिस ने लखनऊ पुलिस से संपर्क कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की कड़ियों को खंगाला जा रहा है। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस इस साइबर ठगी के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने में जुटी है।

पटना से अनिल की रिपोर्ट