Patna Crime News:परसा बाजार के कुरथौल में प्रेमी ने चाकू से काटा प्रेमिका का गला,शादीशुदा महिला पर जानलेवा हमला

पटना के कुरथौल में लव अफेयर का खूनी अंत,शादीशुदा गर्लफ्रेंड से मिलने पहुंचे प्रेमी ने विवाद के बाद सरेराह चाकू से रेता गला। लहूलुहान युवती अस्पताल में भर्ती, आरोपी प्रेमी की तलाश में FSL और पुलिस जुटी।

Patna Love Affair Crime
पटना के परसा बाजार के कुरथौल में प्रेमी ने चाकू से काटा प्रेमिका का गला- फोटो : news 4 nation AI

राजधानी पटना के परसा बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत कुरथौल लाल पथ पर लव अफेयर के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शादीशुदा गर्लफ्रेंड से मिलने पहुंचे सिरफिरे बॉयफ्रेंड ने सरेराह बहस के बाद पास की एक दुकान से चाकू उठाकर प्रेमिका का गला रेत दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। खून से लथपथ युवती को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है।


किराए के मकान से शुरू हुई प्रेम कहानी और पति का शक

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, जहानाबाद के घोसी नवादा निवासी इंदु कुमारी की शादी सियाराम सिंह से हुई थी। पटना के न्यू इतवारपुर में किराए पर रहने के दौरान इंदु की पहचान स्थानीय संपन्न परिवार के युवक राज कुमार यादव से हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम प्रसंग में बदल गई। पति को शक होने पर उन्होंने ठिकाना बदलकर गांधी मैदान क्षेत्र में रहना शुरू कर दिया, लेकिन दोनों का मिलना-जुलना जारी रहा। सोमवार को गांधी मैदान में प्रदर्शन के कारण राज कुमार नहीं पहुंच सका, तो इंदु उससे मिलने खुद कुरथौल आ गई।


मुर्गा दुकान के चाकू से जानलेवा हमला

कुरथौल में मुलाकात के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि आपा खो चुके राज कुमार ने पास स्थित मुर्गा दुकान से कटारनुमा धारदार चाकू उठाया और सरेआम इंदु के गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। गले पर गहरा घाव लगते ही इंदु खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ी और तड़पने लगी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जिसका फायदा उठाकर आरोपी मौके से भाग निकला।


112 की त्वरित कार्रवाई और निजी अस्पताल में भर्ती

स्थानीय लोगों द्वारा सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने बिना समय गंवाए लहूलुहान युवती को 70 फीट बाइपास स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों की विशेष टीम युवती की जान बचाने में जुटी हुई है, हालांकि उसकी हालत बेहद नाजुक और चिंताजनक बनी हुई है।


FSL और CCTV फुटेज की मदद से आरोपी की तलाश तेज

घटना की जानकारी मिलते ही परसा बाजार थाना पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए व खून के नमूने एकत्र किए। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की भागने की दिशा का सटीक पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी राज कुमार यादव के संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

सुमित कुमार की रिपोर्ट