पटना में दिनदहाड़े उचक्कों का दुस्साहस! महिला CO की कार का शीशा तोड़कर ऑफिशियल डोंगल व कैश चोरी किया पार
कदमकुआं थाना क्षेत्र स्थित वेंडिंग जोन के पास अपराधियों ने पार्क की गई दो चार पहिया गाड़ियों का शीशा तोड़कर बड़ी चोरी को अंजाम दिया। पीड़ितों में बांका की महिला CO भी शामिल हैं, जिनकी कार से 5 हजार कैश, ऑफिशियल डोंगल और जरूरी दस्तावेज चोरी हो गए।
राजधानी पटना में बेखौफ उचक्कों ने दिनदहाड़े पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। ताजा मामला कदमकुआं थाना क्षेत्र स्थित वेंडिंग जोन के पास का है, जहां अपराधियों ने पार्क की गई दो चार पहिया गाड़ियों की पिछली खिड़की (बैक विंडो) का शीशा तोड़कर उनमें रखे हजारों रुपये कैश, कीमती सामान और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज पार कर दिए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
बांका की महिला CO की गाड़ी को बनाया निशाना, सरकारी डोंगल व दस्तावेज गायब
पीड़ितों में बांका जिले में तैनात एक महिला अंचलाधिकारी (CO) भी शामिल हैं। वे अपनी कार कदमकुआं वेंडिंग जोन के समीप पार्क कर किसी काम से बाहर निकली थीं। जब वे वापस लौटीं, तो गाड़ी का शीशा टूटा देख दंग रह गईं। कार के भीतर रखी सीट से बैग गायब था, जिसमें 5 हजार रुपये नकद, कार्यालय के अत्यंत महत्वपूर्ण दस्तावेज और ऑफिशियल डोंगल मौजूद थे। उचक्के पलक झपकत ही बैग लेकर रफूचक्कर हो गए।
करोड़ों के वेंडिंग जोन में CCTV गायब, पुलिस के लिए जांच बनी चुनौती
हैरानी की बात यह है कि सरकार ने करोड़ों रुपये की लागत से कदमकुआं वेंडिंग जोन की बहुमंजिला इमारत का निर्माण तो करा दिया, लेकिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए। वेंडिंग जोन जैसी महत्वपूर्ण जगह पर सुरक्षात्मक दृष्टिकोण से एक भी सीसीटीवी (CCTV) कैमरा इंस्टॉल नहीं किया गया है। कैमरे न होने के कारण किसी भी आपराधिक घटना के खुलासे में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
मामले की छानबीन में जुटी कदमकुआं पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही कदमकुआं थाना पुलिस आनन-फानन में मौके पर पहुंची और मामले की तफ्तीश शुरू की। पुलिस आसपास की दुकानों और निजी प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि शातिर उचक्कों का सुराग मिल सके। दिन के उजाले में हुई इस दुस्साहसिक चोरी की घटना ने पटना पुलिस की सुरक्षा दावों की पोल खोल कर रख दी है।
पटना से अनिल की रिपोर्ट