पूर्णिया नगर निगम के कार्यपालक अभियंता पर गंभीर आरोप: संवेदकों ने किया घेराव, निविदा रद्द करने की मांग

पूर्णिया नगर निगम के संवेदकों ने निगम के कार्यपालक अभियंता गंभीर आरोप लगाया है। इनलोगों का आरोप है कि कार्यपालक अभियंता नियमों को ताक पर रखकर अपने चहेते लोगों को गलत तरीके से योजनाओं का टेंडर आवंटित कर रहे हैं....

पूर्णिया नगर निगम के कार्यपालक अभियंता पर गंभीर आरोप: संवेदक
पूर्णिया नगर निगम के कार्यपालक अभियंता पर गंभीर आरोप- फोटो : अंकित कुमार

Purnia : पूर्णिया नगर निगम के संवेदकों ने गुरुवार को नगर निगम के कार्यपालक अभियंता की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए नगर निगम कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित संवेदकों ने नगर निगम प्रशासन और कार्यपालक अभियंता के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जारी की गई निविदाओं (टेंडरों) में भारी गड़बड़ी का आरोप लगाया।


चहेतों को गलत तरीके से टेंडर आवंटन और अनियमितता का आरोप

संवेदक संघ के प्रवक्ता आलोक राज ने नगर निगम में टेंडर प्रक्रिया को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा निकाली जाने वाली निविदाओं में व्यापक भ्रष्टाचार और मनमानापन हावी है। 


उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यपालक अभियंता नियमों को ताक पर रखकर अपने चहेते लोगों को गलत तरीके से योजनाओं का टेंडर आवंटित कर रहे हैं, जबकि नियमों का पालन करने वाले योग्य संवेदकों को अकारण डिसक्वालीफाई (अयोग्य) घोषित कर दिया जाता है। संवेदकों ने पूरी निविदा प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से रद्द करने की मांग की।


नगर आयुक्त अनिरुद्ध पांडेय को सौंपा ज्ञापन, जांच का मिला आश्वासन

प्रदर्शन के उपरांत संवेदक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त अनिरुद्ध पांडेय से मुलाकात कर अपनी मांगों का एक ज्ञापन सौंपा। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर आयुक्त अनिरुद्ध पांडेय ने बताया कि संवेदकों द्वारा ज्ञापन व आवेदन प्राप्त हुआ है। उन्होंने आश्वस्त किया कि लगाए गए सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


अंकित की रिपोर्ट