Patna News: दीपावली-छठ पर पटना जंक्शन पर परीक्षा में फेल प्रशासन, चप्पे-चप्पे पर ऑटो और ठेलों का अवैध कब्जा, लोग बेहाल

Patna News: दीपावली और छठ महापर्व को लेकर पटना जंक्शन पर यात्रियों की आवाजाही बढ़ने लगी है।...

Patna Junction Encroachment
अवैध कब्जों के दलदल में फंसे यात्री- फोटो : social Media

Patna News: दीपावली और छठ महापर्व को लेकर पटना जंक्शन पर यात्रियों की आवाजाही बढ़ने लगी है। दूसरे राज्यों और शहरों से घर लौट रहे लोगों की भीड़ के बीच स्टेशन परिसर और आसपास के रास्तों पर अतिक्रमण ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। महावीर मंदिर के पास, पावर हाउस मोड़, मीठापुर आरओबी के नीचे और करबिगहिया प्रवेश द्वार तक अवैध दुकानें, ठेले और बेतरतीब खड़े ऑटो यातायात में बाधा बन रहे हैं। त्योहार के दौरान यात्रियों को स्टेशन पहुंचने और वहां से बाहर निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पटना जंक्शन के आसपास करीब 30 अवैध दुकानें

स्टेशन परिसर और करबिगहिया क्षेत्र में करीब 30 अवैध दुकानों के संचालित होने की बात सामने आई है। ठेले और दुकानों के कारण पार्किंग की ओर जाने वाला रास्ता संकरा हो गया है। ऐसे में एक साथ तीन-चार चारपहिया वाहन पहुंचने पर जाम की स्थिति बन जाती है। यात्रियों को लेने और छोड़ने आने वाले परिजनों को भी काफी देर तक सड़क पर इंतजार करना पड़ता है।जंक्शन जैसे संवेदनशील रेलवे परिसर के आसपास अतिक्रमण का बढ़ना सुरक्षा और यातायात प्रबंधन पर सवाल खड़े करता है। स्थानीय स्तर पर अतिक्रमण हटाने की प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से समस्या लगातार बनी हुई है। त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह परेशानी और गंभीर हो सकती है।

मीठापुर आरओबी के नीचे वेंडरों का कब्जा, पांच मिनट का सफर आधे घंटे में

मीठापुर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के नीचे सड़क के दोनों किनारों पर दुकानें लगने से आवागमन के लिए उपलब्ध जगह काफी कम हो गई है। वहीं, ऑटो चालक बीच सड़क पर ही वाहन रोककर यात्रियों को बैठाते और उतारते हैं। इससे यातायात की रफ्तार धीमी पड़ जाती है और जाम लगने लगता है।इसका सीधा असर पटना जंक्शन आने-जाने वाले चारपहिया वाहनों पर पड़ रहा है। पिक एंड ड्रॉप लेन में गाड़ियों की लंबी कतारें लग जाती हैं। व्यस्त समय में महज पांच मिनट की दूरी तय करने में भी आधे घंटे तक लगने की स्थिति बन रही है। इससे ट्रेन पकड़ने की जल्दी में पहुंचे यात्रियों और अपने परिजनों को लेने आए लोगों की परेशानी बढ़ जाती है।

महावीर मंदिर और जनरल टिकट काउंटर के पास अव्यवस्था

महावीर मंदिर की ओर स्थित पार्क और अनारक्षित टिकट काउंटर के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने ऑटो चालकों के जमावड़े से यात्रियों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। आरोप है कि चालक गेट के बिल्कुल पास वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे पैदल चलने वाले लोगों को ऑटो के बीच से निकलना पड़ता है। इस दौरान धक्कामुक्की की स्थिति भी बन जाती है।

्थानीय स्तर पर विरोध करने पर कुछ चालकों के बदसलूकी करने की शिकायतें भी सामने आई हैं। सुरक्षा बलों की गश्ती के बावजूद यदि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होती है, तो ऐसी अव्यवस्था पर अंकुश लगाना मुश्किल बना रहता है।

न्यू मार्केट मार्ग पर दुकानों से यात्रियों को परेशानी

न्यू मार्केट से पटना जंक्शन की ओर आने-जाने वाले पैदल रास्ते पर पान, गुटखा, सिगरेट और खैनी बेचने वालों की दुकानें लगने से रास्ते में बाधा उत्पन्न हो रही है। इन दुकानों के आसपास लोगों का जमावड़ा भी बना रहता है। इससे खासकर महिला यात्रियों और परिवार के साथ सफर करने वाले लोगों को असहज परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है।

दीपावली और छठ के मद्देनजर स्टेशन पर भीड़ बढ़ने के बीच अतिक्रमण हटाना, ऑटो के ठहराव को व्यवस्थित करना और पैदल यात्रियों के लिए रास्ता खाली रखना जरूरी हो गया है। रेलवे सुरक्षा बल (RPF), स्थानीय प्रशासन और यातायात पुलिस के बीच बेहतर समन्वय से ही इस समस्या पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्टेशन के प्रवेश मार्गों तथा पिक एंड ड्रॉप लेन को अतिक्रमणमुक्त रखना अहम है।