पटना स्नातक सीट: नीरज कुमार का अनंत सिंह पर पलटवार, धनबल और बाहुबल से नहीं डरता, ‘समाज के लिए प्रॉब्लम'

अनंत सिंह के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए नीरज कुमार ने न्यायालय की पुरानी टिप्पणी का जिक्र किया। उन्होंने अनंत सिंह का नाम लिए बिना कहा कि माननीय न्यायालय ने उनके बारे में कभी यह नहीं कहा कि वह ‘समाज के लिए प्रॉब्लम हैं।’

Neeraj Kumar hits back at Anant Singh
Neeraj Kumar hits back at Anant Singh- फोटो : news4nation

 Bihar News : बिहार विधान परिषद की पटना स्नातक निर्वाचन सीट को लेकर जनता दल यूनाइटेड (JDU) में जारी खींचतान के बीच शुक्रवार को जदयू एमएलसी नीरज कुमार ने मोकामा विधायक अनंत सिंह के बयानों पर तीखा पलटवार किया। अनंत सिंह पहले ही नीरज कुमार के विरोध में डॉ. अनुज कुमार को समर्थन देने का ऐलान कर चुके हैं। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच बयानबाजी और तेज हो गई है।


अनंत सिंह के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए नीरज कुमार ने न्यायालय की पुरानी टिप्पणी का जिक्र किया। उन्होंने अनंत सिंह का नाम लिए बिना कहा कि माननीय न्यायालय ने उनके बारे में कभी यह नहीं कहा कि वह ‘समाज के लिए प्रॉब्लम हैं।’ नीरज ने सवाल किया कि आखिर न्यायालय ने यह टिप्पणी किसके संदर्भ में की थी।


अनंत सिंह की ओर से लगाए गए उस आरोप पर भी नीरज कुमार ने प्रतिक्रिया दी, जिसमें दावा किया गया था कि उनके घर में एके-47 रखवाकर उन्हें जेल भिजवाया गया। नीरज ने इस आरोप पर हैरानी जताते हुए कहा कि अपराध से उनका कोई नाता नहीं रहा है और वह अपने चरित्र पर लगाए गए आरोपों को स्वीकार नहीं करेंगे।


उन्होंने कहा, “मैं राजनीति में धन अर्जन करने के लिए नहीं आया हूं। मैं गरीब जरूर हूं, लेकिन धनबल और बाहुबल से कभी नहीं डरता।” अनंत सिंह पर कटाक्ष करते हुए नीरज ने कहा कि अगर उन्हें जमानत लिखना आ जाए तो यह भी बड़ी बात होगी। हालांकि, एके-47 से जुड़े आरोपों पर नीरज कुमार ने कहा कि वह पहले अनंत सिंह का पूरा बयान सुनेंगे। इसके बाद कानूनविदों से राय लेकर आगे की कार्रवाई पर निर्णय करेंगे।


नारकोटिक्स जांच की मांग पर भी दिया जवाब


अनंत सिंह द्वारा नीरज कुमार की नारकोटिक्स जांच कराए जाने की मांग पर जदयू एमएलसी ने कहा कि नारकोटिक्स जांच कराना कानून के अधिकार क्षेत्र का विषय है। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के कहीं कुछ कह देने मात्र से नारकोटिक्स जांच नहीं हो जाती।


अनंत सिंह के उस आरोप पर भी नीरज कुमार ने प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने लोगों को शराब पिलाकर उन्हें गाली दिलवाने की बात कही थी। नीरज ने कहा कि वह न तो शराब पीते हैं और न ही इस तरह का अपराध करते हैं। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि ऐसी बातें करने वालों की स्थिति ‘सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली’ जैसी है।


पार्टी सिंबल पर चुनाव के बयान पर भी तंज

पटना स्नातक सीट के चुनाव को पार्टी के सिंबल पर नहीं होने संबंधी अनंत सिंह के बयान पर नीरज कुमार ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें इस बारे में भी जानकारी नहीं है तो “भगवान उनका भला करें।” पटना स्नातक सीट को लेकर JDU के भीतर सामने आए इस विवाद में दोनों नेताओं के आमने-सामने आने से राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। एक ओर अनंत सिंह नीरज कुमार के खिलाफ डॉ. अनुज कुमार को समर्थन देने की घोषणा कर चुके हैं, वहीं नीरज कुमार ने उनके आरोपों पर कानूनी विकल्प तलाशने के संकेत दिए हैं।