विश्वकर्मा पूजा के दौरान किसान को मारी गोली, इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती

बेगूसराय जिले में मामूली विवाद में एक व्यक्ति को गोली मारने की घटना सामने आई है। मिली जानकारी के मुताबिक विश्वकर्मा पूजा के दौरान पूजा खत्म होने पर प्रसाद देने की बात पर एक युवक ने किसान को गोली मार दी....

विश्वकर्मा पूजा के दौरान किसान को मारी गोली,  इलाज के लिए अस
मामूली बात पर ट्रेक्टर मालिक को मारी गोली- फोटो : अजय शास्त्री

Begusarai : जिले के बखरी थाना क्षेत्र के करईटांड़ गांव में विश्वकर्मा पूजा के पावन अवसर पर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां पूजा के दौरान एक व्यक्ति को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और घायल को तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय में भर्ती कराया गया।


ट्रैक्टर की पूजा के दौरान प्रसाद मांगने को लेकर हुआ विवाद

पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, घायल 50 वर्षीय किसान अमोल महतो अपने घर के सामने विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर ट्रैक्टर की पूजा कर रहे थे। इसी दौरान नावकोठी थाना क्षेत्र के पहसारा निवासी 22 वर्षीय सुशील कुमार वहां पहुंचा और उनसे प्रसाद मांगने लगा। अमोल महतो द्वारा पूजा समाप्त होने के बाद प्रसाद लेने की बात कहे जाने पर आरोपी आक्रोशित हो गया।


दाहिने जांघ में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुए अमोल महतो

मामले में बात बढ़ने पर आरोपी सुशील कुमार ने अचानक फायरिंग कर दी, जिससे गोली सीधे अमोल महतो के दाहिने जांघ में जा लगी और वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। गोली चलने की आवाज सुनकर जब आसपास के ग्रामीण और परिजन घटनास्थल की ओर दौड़े, तो हमलावर अपनी मोटरसाइकिल वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया।


पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ली जानकारी और जब्त की बाइक

घटना की सूचना मिलते ही बखरी थाना पुलिस और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तत्काल घटनास्थल एवं अस्पताल पहुंचे तथा मामले की पूरी जानकारी ली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल से आरोपी की छोड़ी गई मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है और सदर अस्पताल पहुंचकर घायल अमोल महतो का फर्द बयान दर्ज कर लिया है।


आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की लगातार छापेमारी जारी

स्थानीय पुलिस का कहना है कि इस घटना के पीछे के वास्तविक कारणों और फायरिंग में प्रयुक्त अवैध हथियार के संबंध में गहन अनुसंधान किया जा रहा है। बखरी थाना पुलिस फरार आरोपी सुशील कुमार की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है ताकि जल्द से जल्द कानूनी कार्रवाई पूरी की जा सके।


अजय शास्त्री की रिपोर्ट