शिक्षक पर छात्राओं से छेड़खानी का आरोप, नवादा के स्कूल में जमकर हंगामा, पुलिस ने हिरासत में लिया

छात्राओं की ओर से लगाए गए आरोपों के अनुसार, शिक्षक कथित तौर पर बच्चियों के साथ अनुचित व्यवहार करते थे। छात्राओं का आरोप है कि शिक्षक कभी बच्चियों को गोद में बैठा लेते थे तो कभी उनके गाल छूते थे।

Nawada school
Nawada school- फोटो : news4nation

 Bihar News : नवादा जिले के आनंदपुर गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय स्कूल में शिक्षक पर छात्राओं के साथ कथित तौर पर गलत व्यवहार और छेड़खानी करने का गंभीर आरोप लगा है। मामला सामने आने के बाद स्कूल परिसर में जमकर हंगामा हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी शिक्षक महेश प्रसाद को हिरासत में लेकर थाने ले गई।


छात्राओं की ओर से लगाए गए आरोपों के अनुसार, शिक्षक कथित तौर पर बच्चियों के साथ अनुचित व्यवहार करते थे। छात्राओं का आरोप है कि शिक्षक कभी बच्चियों को गोद में बैठा लेते थे तो कभी उनके गाल छूते थे। आरोप यह भी है कि जब बच्चियां बाथरूम जाती थीं, तब शिक्षक उनके पीछे दरवाजे तक पहुंच जाते थे। छात्राओं का कहना है कि इस तरह का व्यवहार कथित तौर पर काफी समय से चल रहा था।


बताया जा रहा है कि एक छात्रा ने हिम्मत दिखाते हुए मामले की जानकारी दी। इसके बाद स्कूल की अन्य छात्राएं भी सामने आने लगीं और उन्होंने भी शिक्षक पर उनके साथ गलत व्यवहार किए जाने के आरोप लगाए। मामला सामने आते ही स्कूल में अभिभावकों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और जमकर हंगामा हुआ।


घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम स्कूल पहुंची और शिक्षक को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने ले गई। पुलिस छात्राओं और अन्य संबंधित लोगों से जानकारी जुटा रही है।


फिलहाल छात्राओं की ओर से लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस की जांच और संबंधित छात्राओं के बयान के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मामले को लेकर स्कूल और आसपास के इलाके में भी चर्चा बनी हुई है।

अमन की रिपोर्ट