तैयारी करने आए 3 दोस्तों ने खड़ा किया ठगी का साम्राज्य, 'प्लेबॉय' बनाने के नाम पर देशभर में फैला रखा था जाल, करोड़ों छाप लिए

पटना पुलिस ने बेऊर इलाके से नवादा के 3 शातिर साइबर ठगों को पकड़ा है। ये ठग प्लेबॉय बनाने और लोन दिलाने के नाम पर 9 राज्यों के लोगों से करोड़ों की ठगी कर चुके हैं।

तैयारी करने आए 3 दोस्तों ने खड़ा किया ठगी का साम्राज्य,  'प्

Patna - : राजधानी पटना की साइबर सेल ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नवादा जिले के रहने वाले तीन शातिर साइबर अपराधियों को धर दबोचा है। ये ठग पटना के बेऊर थाना क्षेत्र स्थित 70 फीट रोड के 'ममता कुंज अपार्टमेंट' के एक फ्लैट से अपना गिरोह चला रहे थे। पुलिस ने इनके पास से 11 मोबाइल फोन और एक लैपटॉप बरामद किया है। पकड़े गए अभियुक्तों में विक्की कुमार (इंटर पास), शुभम राज और गुलशन कुमार (दोनों स्नातक) शामिल हैं, जो मूल रूप से नवादा जिले के रहने वाले हैं।

जेनरल कंपटीशन की तैयारी के बहाने शुरू किया ठगी का धंधा 

जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि ये तीनों आरोपी पटना में जेनरल कंपटीशन की तैयारी करने आए थे। लेकिन पढ़ाई के बजाय इन्होंने तीन दोस्तों के साथ मिलकर साइबर ठगी का एक बड़ा नेटवर्क खड़ा कर लिया और देखते ही देखते करोड़ों का साम्राज्य बना लिया। पुलिस की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर ममता कुंज अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल के फ्लैट से इन्हें गिरफ्तार किया है।

'प्लेबॉय' बनाने और 'धनी फाइनेंस लोन' का देते थे प्रलोभन 

यह गिरोह मुख्य रूप से दो तरीकों से लोगों को अपना शिकार बनाता था। पहला, 'धनी फाइनेंस लोन' के नाम पर विज्ञापन देकर लोगों से प्रोसेसिंग फीस वसूलना और दूसरा, सोशल मीडिया पर 'प्लेबॉय' बनाने का प्रलोभन देना। ये अपराधी फेसबुक, टेलीग्राम और व्हाट्सएप जैसे प्लेटफॉर्म पर विज्ञापन देते थे और लोगों को ठगी का शिकार बनाने के लिए उनके मोबाइल पर संदिग्ध 'APK फाइल' भेजकर उनका डेटा चोरी कर लेते थे।

9 राज्यों में फैला था जाल, दर्ज हैं 12 प्राथमिकी 

गिरफ्तार ठगों का नेटवर्क केवल बिहार तक ही सीमित नहीं था, बल्कि इन्होंने दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और केरल सहित देश के 9 राज्यों के लोगों को अपनी ठगी का शिकार बनाया है। इनके पास से बरामद मोबाइल फोनों की जांच में देश के विभिन्न राज्यों से 'NCRB' (National Crime Records Bureau) पोर्टल पर कई शिकायतें दर्ज पाई गई हैं। जानकारी के अनुसार, इन अभियुक्तों पर अन्य राज्यों में कुल 12 प्राथमिकी पहले से दर्ज हैं।

पुलिस टीम की बड़ी कामयाबी 

पटना साइबर थाना कांड सं0-460/26 के तहत यह कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक सह थानाध्यक्ष के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई। छापेमारी टीम में पु०अ०नि० धर्मेंद्र मंडल, पु०अ०नि० संभव शर्मा और पु०अ०नि० अनुज कुमार शामिल थे। पुलिस ने बताया कि इन सभी के विरुद्ध संगठित साइबर अपराध की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर इन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में अनुसंधान जारी है।

रिपोर्ट - अनिल कुमार