Bihar crime: खामोश कुएं ने उगली सच्चाई, मुंगेर में लापता किशोर का कंकाल मिलने से सनसनी
Bihar crime: मुंगेर के खंडबिहारी गांव में कुएं से हड्डियां मिलीं है। जांच में पता चला है कि ये लाश 10 साल के लापता बच्चे से जुड़ी हुई है।
Bihar crime: मुंगेर मे हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र के खंडबिहारी गांव में गुरुवार (9 अप्रैल 2026) की देर शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक खंडहरनुमा घर के अंदर स्थित कुएं मे कपड़ा तैरता हुआ दिखाई दिया। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि कुएं में शव हो सकता है, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एसडीपीओ अनिल कुमार और प्रशिक्षु डीएसपी मिथिलेश तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
कुएं में पानी कम होने के कारण अंदर का दृश्य साफ नजर आ रहा था। ग्रामीणों की मदद से पहले कपड़ा बाहर निकाला गया, जिसे देखते ही स्वजन ने उसकी पहचान 10 वर्षीय वीर कुमार के रूप में की। परिजनों ने बताया कि यह वही कपड़ा था, जो वीर ने लापता होने वाले दिन पहना था। कपड़े की पहचान होते ही परिवार फूट-फूट कर रो पड़ा। इसके बाद कुएं से कई हड्डियां भी बरामद की गईं। बताया जाता है कि बीते 24 जुलाई को वीर कुमार अचानक घर से लापता हो गया था। पिता मनीष कुमार के अनुसार, उस दिन वीर बाजार जाने की जिद कर रहा था। मना करने के बाद वह चुपके से घर से निकल गया और फिर वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया गया था।
कुएं से बरामद अस्थियों की जांच
फिलहाल पुलिस ने कुएं से बरामद अस्थियों को जांच के लिए भेज दिया है। प्रशिक्षु डीएसपी मिथिलेश तिवारी के अनुसार, डीएनए जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आ पाएगी। अब बड़ा सवाल यही है कि यह एक हादसा है या इसके पीछे कोई साजिश छिपी है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है, लेकिन इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
मुंगेर से इम्तियाज की रिपोर्ट