Arrah hospital controversy: आरा सदर अस्पताल में दबंगई! गार्ड पर मारपीट का आरोप, कटघरे में प्रशासन”
Arrah hospital controversy: भोजपुर के आरा सदर अस्पताल में गार्ड पर मारपीट का आरोप लगा है। इस मामले के बाद से अस्पताल प्रशासन पर सवालिया निशान उठने लगे हैं।
Arrah hospital controversy: भोजपुर जिले के आरा स्थित सदर अस्पताल में एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। यहां तैनात गार्डों के व्यवहार को लेकर विवाद सामने आया है, जिससे अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली भी चर्चा में आ गई है। ताजा मामला बिहिया थाना क्षेत्र के झौआ गांव के रहने वाले नौनीत ठाकुर से जुड़ा है। आरोप है कि अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद एक गार्ड ने लाठी से मारकर उन्हें घायल कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गार्ड विनोद उपाध्याय लगातार लाठी चला रहा था, जबकि वहां मौजूद अन्य सुरक्षाकर्मी उसे रोकने के लिए आगे नहीं आए।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि अस्पताल में कुछ गार्ड अक्सर मरीजों के परिजनों और यहां तक कि पुलिसकर्मियों के साथ भी गलत व्यवहार करते हैं और कई बार मारपीट की घटनाएं भी हो चुकी हैं। लोगों का कहना है कि पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आई हैं, लेकिन सख्त कार्रवाई नहीं होने से ऐसी घटनाएं दोहराई जा रही हैं।
अस्पताल कर्मियों का अलग पक्ष
हालांकि, कुछ अस्पताल कर्मियों का अलग पक्ष भी सामने आया है। उनका कहना है कि कई बार अस्पताल में भीड़ ज्यादा होने के कारण हालात बिगड़ जाते हैं। ऐसे में सुरक्षाकर्मी व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश करते हैं, लेकिन कभी-कभी इसी दौरान विवाद हो जाता है। फिलहाल इस मामले में अस्पताल प्रशासन या जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि इस घटना के बाद क्या कार्रवाई होती है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।
आरा से आशीष की रिपोर्ट