पटना में शर्मसार हुए रिश्ते: 16 वर्षीय बेटी का आरोप- मां की मौत के बाद पिता ने किया यौन शोषण

पटना के बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र से 16 वर्षीय नाबालिग लड़की ने अपने ही 45 वर्षीय पिता पर मां की मौत के बाद से यौन शोषण करने का आरोप लगाया है।नाबालिग की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी पिता को गिरफ्तार किया है

father arrested minor daughter exploitation
एआइ से बनायी गयी तस्वीर- फोटो : news 4 nation AI

पटना के बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र में रिश्तों को तार-तार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की ने अपने 45 वर्षीय पिता पर दुष्कर्म और यौन शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं। मां की मौत के बाद से ही पीड़िता तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी होने के नाते घर पर रह रही थी। पीड़िता का आरोप है कि पिता काफी समय से उसके साथ गलत हरकतें और शोषण कर रहे थे। किसी तरह ननिहाल पहुंचकर उसने अपने नाना-नानी को आपबीती बताई, जिसके बाद परिजनों के साथ थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।


पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपी पिता गिरफ्तार 

नाबालिग द्वारा दी गई लिखित शिकायत के आधार पर बुद्धा कॉलोनी थाना पुलिस ने तुरंत पॉक्सो एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) टीम से जांच भी करवाई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है और अब न्यायालय में पीड़िता के बयान (धारा 164 के तहत) दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।


समझौते के दबाव को दरकिनार कर शिकायत पर अड़ी पीड़िता

 बताया जा रहा है कि मामला सामने आने के बाद शुरुआती स्तर पर परिजनों और रिश्तेदारों की ओर से आपस में ही बात सुलझाने और समझौते का प्रयास किया गया था। हालांकि, पीड़िता अपनी शिकायत पर पूरी तरह कायम रही और उसने पुलिस से सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने बताया कि पीड़िता की मेडिकल जांच कराने का प्रयास किया गया था, लेकिन फिलहाल उसने इससे इनकार कर दिया है, जिसकी जानकारी केस डायरी में दर्ज की गई है।


आरोपी पिता ने आरोपों को बताया झूठा और बेबुनियाद

दूसरी ओर, पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान मैकेनिक का काम करने वाले आरोपी पिता ने खुद पर लगे सभी आरोपों को पूरी तरह गलत और बेबुनियाद बताया है। आरोपी का दावा है कि उसकी बेटी किसी अज्ञात लड़के से फोन पर बात करती थी, जिसको लेकर उसने डांट-फटकार की थी और थप्पड़ मारा था। पिता का आरोप है कि इसी नाराजगी और गुस्से में आकर बेटी ने उस पर यह झूठा केस दर्ज कराया है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयानों और साक्ष्यों के आधार पर गहन जांच में जुटी है।

पटना से रंजीत की रिपोर्ट