गया में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: आई-10 कार से 1040 बोतल शराब बरामद, तस्कर गिरफ्तार
गयाजी के शेरघाटी थाना पुलिस ने लुटुआ के सोनपुर गांव के पास गुप्त सूचना पर छापेमारी कर एक आई-10 कार से 1040 बोतल (208 लीटर) शराब बरामद की है। मौके से तस्कर अनिल यादव को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है।
गया जिले के शेरघाटी थाना क्षेत्र की पुलिस ने शराब तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए लुटुआ थाना क्षेत्र के सोनपुर गांव के पास छापेमारी की। इस दौरान पुलिस टीम ने मौके से एक युवक को शराब की बड़ी खेप के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
आई-10 कार से 1040 बोतल शराब जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने संदिग्ध अवस्था में खड़ी एक हुंडई आई-10 कार को जब्त कर उसकी सघन तलाशी ली। तलाशी के क्रम में कार के अंदर से विभिन्न ब्रांडों की कुल 1040 बोतलें शराब बरामद की गईं। जब्त की गई शराब की कुल मात्रा लगभग 208 लीटर आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान छकरबंधा थाना क्षेत्र के चौरी टांड़ (वार्ड नंबर 08) निवासी रामचंद्र यादव के 27 वर्षीय पुत्र अनिल यादव के रूप में की गई है।
पुलिस टीम की मुस्तैदी से मिली सफलता
इस सफल छापेमारी अभियान में शेरघाटी थाना पुलिस टीम के साथ अवर निरीक्षक रितिका राज, सहायक अवर निरीक्षक अजय कुमार सिंह, सहायक अवर निरीक्षक नीतू कुमारी और अन्य गृह रक्षक (होमगार्ड) के जवान मुख्य रूप से शामिल थे। पुलिस अधिकारियों की सतर्कता और सटीक रणनीति के कारण ही तस्कर शराब की इतनी बड़ी खेप को ठिकाने लगाने में नाकाम रहा।
आरोपी गिरफ्तार, बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज खंगालने में जुटी पुलिस
पुलिस ने आरोपी अनिल यादव को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मद्यनिषेध कानून के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। शराब की इतनी बड़ी खेप बरामद होने के बाद अब पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि यह शराब कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां खपाया जाना था। पुलिस इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
गयाजी से मनोज कुमार की रिपोर्ट