पटना: बेऊर के वृन्दावन कॉलोनी स्थित मंदिर में दिनदहाड़े चोरी, CCTV में कैद हुए 2-3 संदिग्ध, थाने में शिकायत दर्ज

पटना: बेऊर के वृन्दावन कॉलोनी स्थित मंदिर में दिनदहाड़े चोरी

Patna : राजधानी पटना के बेऊर थाना क्षेत्र अंतर्गत वृन्दावन कॉलोनी रोड नंबर 7 स्थित प्रसिद्ध पंच देव मंदिर में दिनदहाड़े चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने दोपहर के समय मंदिर को निशाना बनाते हुए दान पेटी और पूजा-पाठ के कई कीमती सामानों पर हाथ साफ कर दिया।


दान पेटी, पीतल के बर्तन और भगवान की मूर्तियां लेकर फरार हुए चोर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 28 जुलाई 2026 की दोपहर लगभग 1:00 बजे की है। अज्ञात चोरों द्वारा मंदिर परिसर में घुसकर एक दान पेटी, पीतल की बाल्टी, थाली, लोटा, कसतरी, दीया, भगवान की दो छोटी मूर्तियां और दो जोड़ी फूल (धातु) की घंटियां चोरी कर ली गईं।


सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई 2-3 संदिग्ध युवकों की करतूत

घटना के बाद स्थानीय निवासियों और मंदिर समिति के लोगों ने जब पास में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की पड़ताल की, तो चोरी की पूरी वारदात फुटेज में सामने आ गई। सीसीटीवी फुटेज में दो से तीन अज्ञात लड़के संदिग्ध अवस्था में मंदिर में प्रवेश करते और चोरी के सामान के साथ भागते हुए दिखाई दे रहे हैं।


बेऊर थाने में लिखित आवेदन, पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग

मामले को लेकर स्थानीय निवासी विजय कुमार ने बेऊर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। आवेदन के माध्यम से पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई गई है कि उपलब्ध कराए गए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की स्वयं गहन जांच-पड़ताल कर अपराधियों की पहचान की जाए और घटना का त्वरित उद्भेदन किया जाए।


पुलिस ने शुरू की जांच, संदिग्धों की पहचान के प्रयास तेज

बेऊर थाना पुलिस ने प्राप्त आवेदन के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हुलिए का मिलान कर संदिग्ध युवकों की पहचान की जा रही है और जल्द ही चोरी की इस वारदात में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर सामान बरामद कर लिया जाएगा।