RJD ने बिहार के खेल मंत्री पर दलित समाज के अपमान का लगाया आरोप, श्रेयसी सिंह और बीजेपी से की माफी मांगने की मांग

बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह का एक कार्यक्रम में दलित समाज की एक बच्ची उन्हें मिठाई खिलाने का प्रयास करती है तो श्रेयसी उसे रोकती नजर आ रही है। इस मामले को राजद ने मुद्दा बनाते हुए मंत्री पर दलित समाज का अपमान करने का आरोप लगाया है.....

RJD ने बिहार के खेल मंत्री पर दलित समाज के अपमान का लगाया आर
राजद ने मंत्री श्रेयसी सिंह पर लगाया गंभीर आरोप- फोटो : नरोत्तम कुमार

Patna : बिहार प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल के प्रवक्ता एजाज अहमद ने राज्य सरकार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। एजाज अहमद ने कहा कि खेल मंत्री ने एक कार्यक्रम के दौरान दलित समाज की बच्ची के हाथों से मिठाई खाने से इनकार कर न केवल उस बच्ची की भावनाओं को आहत किया है, बल्कि पूरे दलित समाज और संवैधानिक व्यवस्था का भी अपमान किया है। RJD ने इस कृत्य के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) और मंत्री से दलित समाज से अविलंब माफी मांगने की मांग की है। बता दें इसे लेकर राजद की ओर से एक विडियों भी जारी किया गया है, जिसमे श्रेयसी सिंह दलित समाज के लोगों के बीच मिठाई बांटती नजर आ रही है और एक बच्ची उन्हें मिठाई खिलाने का प्रयास कर रही है। 


"राजनीतिक लाभ के लिए खुद खिलाई मिठाई, लेकिन बच्ची ने दी तो किया इनकार"

RJD प्रवक्ता ने कहा कि बांकीपुर चुनाव के मद्देनजर राजनीतिक लाभ उठाने के उद्देश्य से एक इवेंट आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में खेल मंत्री श्रेयसी सिंह खुद अपने हाथों से दलित समाज की बच्चियों को मिठाई खिला रही थीं और सभी बच्चियों ने उनके हाथों से मिठाई खाई। हालांकि, जब उसी समाज की एक मासूम बच्ची ने सम्मान और प्रेमवश मंत्री को मिठाई खिलाने का प्रयास किया, तो मंत्री ने उसकी भावना की कद्र न करते हुए मिठाई खाने से साफ इनकार कर दिया।


'दिखावा है भाजपा का दलित प्रेम', RJD का तीखा हमला

एजाज अहमद ने तंज कसते हुए कहा कि यह घटना स्पष्ट करती है कि भारतीय जनता पार्टी और उसके नेताओं के मन में दलित समाज के प्रति किस तरह की सोच और भावना है। उन्होंने कहा कि भाजपा का दलित प्रेम महज एक दिखावा और राजनीतिक स्टंट है। केवल पब्लिसिटी और इवेंट मैनेजमेंट के लिए दलित बच्चियों का इस्तेमाल किया गया, लेकिन जब वास्तविक सम्मान देने की बारी आई, तो मंत्री का रवैया दलित विरोधी सामने आ गया।


संवैधानिक शपथ और बाबा साहेब के मूल्यों के उल्लंघन का आरोप

RJD प्रवक्ता ने कहा कि मंत्री पद की शपथ लेते समय सभी के साथ समानता और न्याय का आचरण करने की बात कही जाती है। खेल मंत्री ने बच्ची के साथ इस तरह का व्यवहार करके न केवल उस मासूम की भावना से खिलवाड़ किया, बल्कि भारत के संविधान में निहित समानता के मूल्यों और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की संवैधानिक व्यवस्था को भी तार-तार किया है।


बांकीपुर उपचुनाव इवेंट से जोड़ा मामला, भाजपा राष्ट्रीय नेतृत्व से जवाब तलब

एजाज अहमद ने इस पूरे वाकये को बांकीपुर उपचुनाव जीतने के लिए तैयार किया गया इवेंट करार दिया। उन्होंने कहा कि इस इवेंट के जरिए दलित समाज की भावना को गहरा आघात पहुंचाया गया है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से इस मामले पर संज्ञान लेने और पार्टी की ओर से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।


नरोत्तम की रिपोर्ट