बिजली का तार ठीक करने गए 69 वर्षीय बुजुर्ग की करंट लगने से मौत, गांव में मातम
नवादा जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां बिजली का करंट लगने से 69 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई है। घटना के बाद पूरे गांव मे मातम का माहौल व्याप्त है.....
Nawada : जिले में बिजली के करंट की चपेट में आने से एक 69 वर्षीय बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा नरहट थाना क्षेत्र के ओलीपुर गांव में हुआ। मृतक की पहचान स्थानीय ग्रामीण रामस्वरूप महतो उर्फ महतो जी (69) के रूप में की गई है। इस घटना के बाद से मृतक के घर में कोहराम मच गया है।
बहू की बात सुन टोका ठीक करने निकले थे बुजुर्ग, टूटा तार बना काल
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि घर में बिजली आपूर्ति ठप थी। बहू द्वारा घर में लाइन नहीं होने की बात कहे जाने पर बुजुर्ग रामस्वरूप महतो बाहर लगे बिजली के टोका (फ्यूज) को ठीक करने निकले थे। इसी दौरान नाली के पास टूटा हुआ और विद्युत प्रवाहित तार गिरा हुआ था, जिसकी चपेट में आने से बुजुर्ग को जोरदार करंट लग गया और वे अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े।
पोते ने आनन-फानन में पहुंचाया अस्पताल, डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
हादसे के समय मृतक का पोता खेत से लौटकर घर में खाना खा रहा था। चीख-पुकार सुनकर परिजनों और पोते ने तुरंत मौके पर पहुंचकर उन्हें उठाया और आनन-फानन में इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद ही उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा सदर अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही नरहट थाना प्रभारी गौतम कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना का जायजा लेते हुए पंचनामा तैयार किया और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
बिजली-पानी के काम में सतर्कता जरूरी, बुजुर्गों को बरतनी चाहिए विशेष सावधानी
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर साबित किया है कि बिजली, आग और पानी से जुड़ी समस्याओं के समाधान के दौरान अत्यधिक सतर्कता बरतनी आवश्यक है। अक्सर उम्रदराज होने के कारण ध्यान न भटकने या जल्दबाजी में ऐसे हादसे हो जाते हैं। स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग से भी जर्जर और टूटे तारों को तुरंत दुरुस्त करने की मांग की है।
अमन सिन्हा की रिपोर्ट