पटना में आनंद कुमार हत्याकांड का खुलासा, पारिवारिक जमीन विवाद में दी गई थी सुपारी, 4 गिरफ्तार

पटना के बेऊर थाना क्षेत्र में 30 मई को मिले आनंद कुमार के शव मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन किया है। पारिवारिक जमीन विवाद में शूटरों को सुपारी देकर कराई गई थी हत्या। मुख्य साजिशकर्ता समेत 4 गिरफ्तार, बाइक व मोबाइल बरामद।

patna anand kumar murder case solved land dispute supari kil
पटना में आनंद कुमार हत्याकांड का खुलासा 4 सुपारी किलर गिरफ्तार - फोटो : Reporter

पटना के बेऊर थाना क्षेत्र में बाईपास किनारे मिले आनंद कुमार के शव मामले का पुलिस ने पूरी तरह खुलासा कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस हत्या के मुख्य साजिशकर्ता समेत चार और आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में यह सनसनीखेज बात सामने आई है कि इस वारदात को किसी और ने नहीं, बल्कि पारिवारिक जमीन विवाद के कारण सुपारी देकर अंजाम दिलवाया था। गिरफ्तार आरोपितों के पास से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।


30 मई को अस्पताल वाली गली से बरामद हुआ था शव

नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) साकेत कुमार के अनुसार, बीती 30 मई 2026 को बेऊर थाना क्षेत्र के बाईपास किनारे निदान अस्पताल वाली गली में एक अज्ञात शव होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जब जांच की, तो मृतक की पहचान पैठानी नत्थुपुर निवासी आनंद कुमार के रूप में हुई। आनंद उस समय अपने ससुराल के पास ही किराए के मकान में रह रहा था। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के आवेदन पर बेऊर थाना कांड संख्या 320/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।


एसआईटी की ताबड़तोड़ छापेमारी में धरे गए आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1, फुलवारीशरीफ के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था। जांच के शुरुआती चरण में 4 जून को उमेश कुमार उर्फ सुटाली राय को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इसके बाद तकनीकी एवं मानवीय इनपुट के आधार पर एसआईटी ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर चार अन्य आरोपितों को दबोच लिया। गिरफ्तार होने वालों में शास्त्रीनगर का राजीव कुमार, पैठानी नत्थुपुर का आदर्श कुमार उर्फ गोलू, संपतचक बाजार का रौशन कुमार तथा शाहपुर का गौरी शंकर शामिल हैं।


लंबे समय से चल रहा था जमीन विवाद, शूटरों को दी गई थी सुपारी

पुलिस पूछताछ में यह साफ हो गया है कि आनंद कुमार की हत्या के लिए शूटरों को मोटी सुपारी दी गई थी। इस वारदात को अंजाम देने वाले शूटर गोनू कुमार, प्रिंस कुमार और मयंक कुमार पहले से ही दीदारगंज थाना क्षेत्र के एक अन्य मामले में जेल (न्यायिक हिरासत) में बंद हैं। पुलिस अनुसंधान के मुताबिक, हत्या की मुख्य वजह आनंद कुमार और भुटाली राय के बीच लंबे समय से चला आ रहा पारिवारिक जमीन विवाद था, जिसे खत्म करने के लिए आनंद को रास्ते से हटा दिया गया।