भागलपुर में पदभार संभालते ही एक्शन मोड में दिखे खनन पदाधिकारी कुमार रविशंकर, अवैध परिवहन पर 12 लाख का लगाया जुर्माना, ट्रैक्टर और ट्रक किया जब्त

Bihar News : भागलपुर के नवपदस्थापित जिला खनन पदाधिकारी कुमार रविशंकर ने पदभार ग्रहण करते ही अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश दिया है.....पढ़िए आगे

भागलपुर में पदभार संभालते ही एक्शन मोड में दिखे खनन पदाधिकार
एक्शन मोड में खनन पदाधिकारी - फोटो : BALMUKUND

BHAGALPUR : भागलपुर के नवपदस्थापित जिला खनन पदाधिकारी कुमार रविशंकर ने पदभार संभालते ही अवैध खनन और अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार के राजस्व में वृद्धि करना और जिले में एक भी अवैध खनन गतिविधि को बर्दाश्त नहीं करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

इसी क्रम में खनन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कहलगांव थाना क्षेत्र में अवैध रूप से गिट्टी का परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर को जब्त किया। वहीं जीरोमाइल थाना क्षेत्र में जांच के दौरान खनिज नियमों का उल्लंघन करते हुए एक ट्रक को भी पकड़ा गया। दोनों वाहनों के विरुद्ध खनन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए कुल लगभग 12 लाख रुपये का जुर्माना (चालान) लगाया गया।

जिला खनन पदाधिकारी कुमार रविशंकर ने कहा कि जिले में अवैध खनन, अवैध परिवहन और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर सरकार के राजस्व की क्षति नहीं होने दी जाएगी और दोषियों पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि खनन विभाग नियमित रूप से विभिन्न क्षेत्रों में जांच अभियान चलाएगा तथा प्रशासन और पुलिस के सहयोग से अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगाया जाएगा। वैध खनन गतिविधियों को नियमों के अनुरूप संचालित कराते हुए राजस्व संग्रह बढ़ाने पर भी विशेष जोर रहेगा।

इस कार्रवाई के दौरान माइनिंग इंस्पेक्टर मिथुन कुमार एवं माइनिंग इंस्पेक्टर अपूर्व कुमार भी मौजूद रहे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आगे भी जिले में अवैध खनन और अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि कानून का सख्ती से पालन हो और सरकार के राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

बालमुकुन्द की रिपोर्ट