Patna News: चुनाव में खपाने के लिए मंगाई गई थी शराब? परसा में एक्साइज विभाग ने पकड़ा ट्रक, 2 तस्कर गिरफ्तार

पटना के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से पहले एक्साइज विभाग की बड़ी कार्रवाई। परसा थाना क्षेत्र के महुली पेट्रोल पंप के पास से हरियाणा से लाया गया शराब से लदा ट्रक जब्त। 37 लाख रुपये मूल्य की 10,104 छोटी बोतलें बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार।

Patna News: चुनाव में खपाने के लिए मंगाई गई थी शराब? परसा मे

बिहार की राजधानी पटना के बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले आगामी उपचुनाव से ठीक पहले उत्पाद विभाग (एक्साइज डिपार्टमेंट) ने शराब तस्करी के एक बड़े नेटवर्क को ध्वस्त किया है। टीम ने छापेमारी कर अवैध विदेशी शराब से लदे एक पूरे ट्रक को जब्त किया है। बरामद की गई शराब की कुल कीमत करीब 37 लाख रुपये आंकी गई है। चुनाव के ठीक पहले इतनी बड़ी खेप का पकड़ा जाना इस बात की ओर साफ इशारा करता है कि इसे मतदाताओं के बीच बांटने या चुनाव के दौरान खपाने के उद्देश्य से मंगाया गया था।


परसा के महुली पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी, हरियाणा से जुड़े हैं तस्करी के तार

यह पूरी कार्रवाई पटना के परसा थाना क्षेत्र अंतर्गत महुली पेट्रोल पंप के पास अंजाम दी गई। उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि हरियाणा नंबर के एक ट्रक के जरिए भारी मात्रा में शराब पटना लाई जा रही है। इस इनपुट के आधार पर अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके में नाकेबंदी की और संदिग्ध ट्रक को रोक लिया। तलाशी लेने पर ट्रक के भीतर गुप्त केबिन बनाकर छिपाई गई शराब की बड़ी खेप बरामद हुई, जिसे पटना के ही किसी स्थानीय सिंडिकेट को डिलीवर किया जाना था।


वोटरों को लुभाने के लिए 'खास साइज' का ऑर्डर, कुल 10,104 छोटी बोतलें बरामद

जांच में यह बेहद चौंकाने वाली बात सामने आई है कि इस बार तस्करों ने शराब की बड़ी बोतलों के बजाय विशेष रूप से छोटे आकार (क्वार्टर/पाउच साइज) की बोतलों का ऑर्डर दिया था। ट्रक से कुल 10,104 छोटी बोतलें बरामद की गई हैं। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि चुनाव के दौरान ऐसी छोटी बोतलों को आसानी से छिपाया जा सकता है और इन्हें बांटना भी बेहद आसान होता है। फिलहाल जब्त की गई सभी बोतलों को एक्साइज विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया है।


हरियाणा के दो तस्कर गिरफ्तार, असली मास्टरमाइंड की तलाश में जुटी पुलिस

इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम ने ट्रक के साथ मौजूद दो धंधेबाजों को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए दोनों आरोपी हरियाणा के रहने वाले हैं, जो इस खेप को वहां से लेकर पटना पहुंचे थे। हालांकि, यह शराब पटना में किसने मंगवाई थी और इसका असली खरीदार कौन है, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है। पुलिस दोनों गिरफ्तार आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है और स्थानीय शराब माफियाओं के बैकवर्ड लिंकेज खंगालने में जुटी है ताकि मुख्य सरगना को सलाखों के पीछे भेजा जा सके।

रिपोर्ट - रंजीत कुमार