Bihar News : बांका में डबल मर्डर के आरोपी का पुलिस ने किया हाफ एनकाउंटर, भागने के दौरान पैर में मारी गोली

Bihar News : बांका में डबल मर्डर का मुख्य आरोपी पुलिस टीम पर ही फायरिंग कर भागने लगा। आत्मरक्षा में पुलिस की कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर के टखने में गोली लग गई।

Bihar News : बांका में डबल मर्डर के आरोपी का पुलिस ने किया ह
शूटर का हाफ एनकाउंटर - फोटो : CHANDRASHEKHAR

BANKA : बांका के चर्चित अमरपुर डबल मर्डर कांड में शनिवार को उस समय नया मोड़ आ गया, जब मुख्य आरोपी एवं कथित शूटर सचिन कुमार सिंह हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर फायरिंग कर फरार होने का प्रयास करने लगा। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई नियंत्रित जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर के टखने में गोली लग गई। घायल आरोपी को पहले सदर अस्पताल, बांका ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया। पुलिस के अनुसार अमरपुर थाना कांड संख्या 393/26 के मुख्य नामजद अभियुक्त सचिन कुमार सिंह (32 वर्ष), पिता संजय सिंह, ग्राम आठमाहा, थाना मैनमा ओपी, जिला बांका को विशेष पुलिस टीम ने झारखंड की राजधानी रांची के चुटिया  थाना क्षेत्र के एक होटल से फिल्मी अंदाज में गिरफ्तार किया था। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे बांका लाया गया।

पूछताछ में किया हथियार बरामद कराने का दावा

पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि दोहरे हत्याकांड में प्रयुक्त पिस्टल उसने बलिया गांव के पहड़तल्ली जंगल में छिपा रखी है और वह बरामद करा सकता है। आरोपी के इस खुलासे के बाद पुलिस टीम उसे लेकर शनिवार को बलिया गांव के जंगल पहुंची, जहां हथियार की तलाश शुरू की गई।

पुलिस को धक्का देकर निकाली पिस्टल, फिर की फायरिंग

पुलिस का कहना है कि तलाशी के दौरान आरोपी ने अचानक पुलिसकर्मियों को जोरदार धक्का देकर खुद को छुड़ा लिया। इसके बाद उसने झाड़ियों में छिपाई गई पिस्टल निकाल ली और पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए जंगल की ओर भागने का प्रयास किया। अचानक हुई इस घटना से मौके पर कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आत्मरक्षा में नियंत्रित जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर के टखने में गोली लग गई। गोली लगते ही वह घायल होकर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे पुनः अपने कब्जे में ले लिया। घटना के तुरंत बाद पुलिस टीम ने घायल आरोपी को सदर अस्पताल, बांका पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया। अस्पताल परिसर में सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

पुलिस पर हमले और फरार होने के प्रयास में नया मामला दर्ज

इस घटना को लेकर अमरपुर थाना में कांड संख्या 406/26 दिनांक 11 जुलाई 2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के विरुद्ध पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने, अवैध हथियार रखने तथा पुलिस अभिरक्षा से भागने के प्रयास सहित भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं आर्म्स एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल से बरामद हथियार, खोखे और अन्य साक्ष्यों को सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

पहले से चर्चित है अमरपुर डबल मर्डर

गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व अमरपुर थाना क्षेत्र के बलिया गांव में दिनदहाड़े दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस दोहरे हत्याकांड के बाद पूरे जिले में सनसनी फैल गई थी।  बांका एस पी अमितेश कुमार  ने इस मामले को चुनौती के रूप में लेते हुए विशेष जांच टीम का गठन किया था। तकनीकी साक्ष्यों, खुफिया इनपुट और लगातार छापेमारी के बाद मुख्य आरोपी सचिन सिंह को रांची से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस का कहना है कि दोहरे हत्याकांड की जांच अभी जारी है। मामले के पीछे की साजिश, अन्य आरोपियों की भूमिका और घटना के वास्तविक कारणों की गहन पड़ताल की जा रही है। बांका एसपी अमितेश कुमार  ने स्पष्ट किया है कि कानून को चुनौती देने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बांका से चंद्रशेखर कुमार भगत कि रिपोर्ट