Bihar News: पंचायत सचिवों का आंदोलन तेज करने का ऐलान, 4 मई को गर्दनीबाग में जुटेंगे हजारों कर्मचारी
Bihar News: बैठक में निर्णय लिया गया कि 4 मई 2026 को राज्यभर के पंचायत सचिव बड़ी संख्या में पटना के गर्दनीबाग स्थित धरना स्थल पर जुटेंगे। पटना जिला इकाई ने अन्य जिलों से आने वाले कर्मचारियों के स्वागत और आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया।
Bihar News: बिहार राज्य पंचायत सचिव संघ, जिला शाखा पटना की ओर से केदार भवन में आयोजित महासमागम में पंचायत सचिवों ने अपनी हड़ताल को और तेज करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में जिले समेत विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में पंचायत सचिव शामिल हुए। महासमागम की अध्यक्षता संघ के संयोजक दिलीप कुमार ने की, जबकि संचालन विजय कुमार ने किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार ने पंचायत सचिवों की अनिश्चितकालीन हड़ताल को निर्णायक चरण तक ले जाने का आह्वान किया।
नहीं लागू होगा पांच सूत्री मांग
उन्होंने कहा कि जब तक पांच सूत्री मांगों को पूरी तरह लागू नहीं किया जाएगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा और इसे और व्यापक बनाया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि लंबे समय से पंचायत सचिव अपने वैध अधिकारों और सम्मानजनक सेवा शर्तों की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। उन्होंने सभी कर्मियों से एकजुट रहने और किसी भी प्रकार के दुष्प्रचार से सावधान रहने की अपील की।
4 मई को बड़ा आंदोलन
बैठक में निर्णय लिया गया कि 4 मई 2026 को राज्यभर के पंचायत सचिव बड़ी संख्या में पटना के गर्दनीबाग स्थित धरना स्थल पर जुटेंगे। पटना जिला इकाई ने अन्य जिलों से आने वाले कर्मचारियों के स्वागत और आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया। महासमागम को राज्य उपाध्यक्ष रमाकांत गिरी, संघर्ष समिति के अध्यक्ष योगेंद्र सिंह, जिला मंत्री प्रिय रंजन, प्रिंस कुमार, शिवगोविंद कुमार समेत अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया और आंदोलन को मजबूत करने पर जोर दिया। अंत में सभी पंचायत सचिवों ने एक स्वर में अपनी मांगों की पूर्ति तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।