बिहार की कानून-व्यवस्था पर राज्यसभा सांसद अखिलेश सिंह ने उठाए सवाल, नये सीएम से सुधार की जताई उम्मीद
Bihar Politics : बिहार में पिछले कुछ दिनों में हुई आपराधिक घटनाओं को लेकर विपक्ष प्रदेश की सरकार पर हमलावर है। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद अखिलेश सिंह ने बिहार की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़ा किए है....
Patna : बिहार में पिछले दो दिनों के भीतर हुए दो पुलिस एनकाउंटरों ने राज्य की सियासत गरमा दी है। इन घटनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए राज्यसभा सांसद और बिहार कांग्रेस के कद्दावर नेता अखिलेश सिंह ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था (लॉ एंड ऑर्डर) पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राज्य में सुरक्षा की स्थिति ठीक नहीं है और आम जनता के साथ-साथ किसी की भी जान के प्रति खतरा होना सरकार की विफलता है।
नए मुख्यमंत्री से सुधार की उम्मीद
सांसद अखिलेश सिंह ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार का प्राथमिक उत्तरदायित्व है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बिहार में जो नए मुख्यमंत्री बने हैं वे कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति पर गंभीरता से ध्यान देंगे। श्री सिंह ने जोर देते हुए कहा कि सरकार को तुरंत जमीनी स्तर पर सुधार करने चाहिए ताकि प्रदेश में भय का माहौल खत्म हो सके।
डीएम के साथ बैठक को बताया 'रूटीन ड्यूटी'
मुख्यमंत्री द्वारा राज्य के सभी जिलों के जिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था को लेकर की गई बैठक पर कहा कि मुख्यमंत्री का डीएम के साथ बैठक करना उनका संवैधानिक दायित्व है। यह तो होना ही चाहिए।
एग्जिट पोल पर पलटवार: '4 जून के बाद बीजेपी नहीं दिखेगी'
पश्चिम बंगाल में एग्जिट पोल द्वारा भाजपा की बढ़त दिखाए जाने के सवाल पर अखिलेश सिंह ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि एग्जिट पोल के नतीजे केवल दो दिनों का तमाशा हैं। सांसद ने दावा किया कि काउंटिंग (4 जून) के बाद बंगाल में बीजेपी कहीं नजर नहीं आएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि चुनाव परिणाम एग्जिट पोल के दावों से बिल्कुल उलट होंगे।
रणजीत की रिपोर्ट