कई जिलों में जजों का स्थानांतरण, पटना हाईकोर्ट की अनुशंसा पर बिहार सरकार ने जारी की अधिसूचना
बिहार के कई जिलों में जजों के तबादले को लेकर गुरुवार को बड़ा आदेश जारी हुआ है. पटना हाई कोर्ट की अनुशंसा के आधार पर यह किया गया है.
Judges transferred : बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने उच्च न्यायालय की अनुशंसा के आधार पर राज्य में न्यायिक अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापनाओं को लेकर अधिसूचना जारी की है। जारी आदेश के अनुसार कई जिलों में जजों की नई तैनाती की गई है।
मनीलाल पांडेय को प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय, सीतामढ़ी के पद पर पदस्थापित किया गया है। अविनाश कुमार-II को प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय, अररिया बनाया गया है। प्रमोद कुमार यादव को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, अररिया के पद पर तैनात किया गया है।
विशेष न्यायालयों में भी नियुक्ति
प्रमोद कुमार दिवाकर को विशेष न्यायालय (निगरानी), मुजफ्फरपुर में पीठासीन पदाधिकारी बनाया गया है। रंजीत रंजन सहाय को विशेष न्यायालय (निगरानी), पटना में पदस्थापित किया गया है। शैलेन्द्र कुमार-I को विशेष न्यायालय, मुजफ्फरपुर में पीठासीन पदाधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।
POCSO और रेप मामलों में पोस्टिंग
मनीषा प्रकाश को विशेष न्यायालय (रेप एवं POCSO), समस्तीपुर में तैनात किया गया है। राम प्रकाश यादव को विशेष न्यायालय (रेप एवं POCSO), सीतामढ़ी में पीठासीन पदाधिकारी बनाया गया है। सरकार द्वारा जारी इस आदेश को न्यायिक व्यवस्था को मजबूत करने और लंबित मामलों के त्वरित निपटारे की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।