Maner News:नीतीश कुमार ने पूर्व विधायक सूर्यदेव त्यागी की पत्नी को दी भावभीनी श्रद्धांजलि, परिजनों से की मुलाकात

पटना के मनेर स्थित जय प्रकाश नगर में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पूर्व विधायक प्रोफेसर सूर्यदेव त्यागी की पत्नी दिवंगत रामदुलारी देवी की श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए और परिजनों को ढांढस बंधाया।

CM Nitish Kumar Maner Visit
नीतीश कुमार पूर्व विधायक प्रोफेसर सूर्यदेव त्यागी की पत्नी की श्रद्धांजलि सभा में हुए शामिल- फोटो : Reporter

पटना जिले के मनेर नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत जय प्रकाश नगर मोहल्ले में पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ जदयू नेता प्रोफेसर सूर्यदेव त्यागी की पत्नी दिवंगत रामदुलारी देवी की श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सह राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार विशेष रूप से श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।


तैलचित्र पर माल्यार्पण कर दी भावभीनी श्रद्धांजलि

श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे नीतीश कुमार ने दिवंगत रामदुलारी देवी की तस्वीर पर श्रद्धासुमन और पुष्प-माला अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। माल्यार्पण के उपरांत उन्होंने पूर्व विधायक प्रोफेसर सूर्यदेव त्यागी तथा उनके परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद स्थानीय लोगों और गणमान्य व्यक्तियों से भी बातचीत की।


जदयू और भाजपा के कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

इस श्रद्धांजलि सभा में सत्ताधारी दल और एनडीए के कई प्रमुख नेता व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जदयू के विधान पार्षद (MLC) राधा चरण सेठ, पूर्व विधायक प्रोफेसर श्रीकांत निराला, जदयू जिला अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, नगर जदयू अध्यक्ष बलराम कुमार और भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष अनिल सिंह सहित राजग के कई वरिष्ठ नेता एवं स्थानीय लोग मौजूद थे।