प्रेम-प्रसंग में हुई थी 14 वर्षीय किशोर की हत्या: प्रेमिका और उसके माता-पिता में मिलकर घटना को दिया था अंजाम, 48 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा
मुजफ्फरपुर जिले में बीते मंगलवार को बरामद हुई नाबालिग किशोर के लाश मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। किशोर की हत्या प्रेम-प्रसंग में हुई थी और घटना को प्रेमिका और उसके माता-पिता ने मिलकर अंजाम दिया था.....
Muzaffarpur : जिले के कटरा थाना क्षेत्र स्थित सोनपुर पंचायत के देवगन गांव में प्रेम-प्रसंग के चलते एक 14 वर्षीय नाबालिग पिंटू कुमार की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। पिंटू 4 अक्टूबर को अपने घर से साइकिल लेकर निकला था और रहस्यमय तरीके से लापता हो गया था। मोबाइल बंद मिलने पर परिजनों ने काफी खोजबीन की, जिसके बाद 5 अक्टूबर को पीड़ित मां रंजू देवी ने कटरा थाने में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई।
तालाब की झाड़ियों से बरामद हुआ था शव
मामले की गंभीरता को देखते हुए कटरा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। 6 अक्टूबर को पुलिस ने गांव के पास ही एक तालाब के बीच झाड़ियों से पिंटू का शव बरामद किया।
प्रेमिका के परिजनों ने घर बुलाकर की हत्या, 48 घंटे में राजफाश
जांच के दौरान पुलिस को प्रेम-प्रसंग के बिंदु पर सुराग मिले। पुलिस ने मृतक की नाबालिग प्रेमिका और उसके माता-पिता को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, जिसके बाद पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश हो गया। आरोपियों ने स्वीकार किया कि पिंटू और लड़की एक ही गांव के स्कूल में साथ पढ़ते थे और दोनों के बीच प्रेम संबंध था। जानकारी मिलने पर लड़की के परिजनों ने साजिश रचकर पिंटू को अपने घर बुलाया, जहां तीनों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। रात के अंधेरे में शव को कंधे पर ले जाकर तालाब की झाड़ियों में छिपा दिया था।
ग्रामीण एसपी का आधिकारिक बयान
मामले की पुष्टि करते हुए ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि 4 अक्टूबर को किशोर के गायब होने की शिकायत मिली थी। कटरा पुलिस ने वैज्ञानिक अनुसंधान और सूचना तंत्र के आधार पर महज 48 घंटे के भीतर पूरे हत्याकांड का सफल उद्भेदन कर दिया है। घटना में संलिप्त लड़की के माता-पिता को गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं नाबालिग प्रेमिका को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
मणिभूषण की रिपोर्ट